Site icon AB News24.in

MP News: MP कैबिनेट के बड़े फैसले… बच्चों का टैलेंट सर्च और महिलाओं के लिए 4 हॉस्टल मंजूर

भोपाल, 18 अगस्त। MP News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई मध्य प्रदेश कैबिनेट की बैठक में विकास और जनहित से जुड़े कई अहम फैसलों को मंजूरी दी गई। बैठक में 5 से 15 साल के बच्चों के लिए टैलेंट सर्च, नर्मदा नदी को स्वच्छ और अविरल बनाने के लिए ‘नमन मिशन’, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के लिए 492.84 करोड़ रुपये और कामकाजी महिलाओं के लिए चार वर्किंग वुमन हॉस्टल बनाने का फैसला लिया गया।

इसके अलावा मध्य प्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन में 35 नए पदों को भी मंजूरी दी गई।

5 से 15 साल के बच्चों की होगी टैलेंट सर्च

सरकार खेल प्रतिभाओं को शुरुआती स्तर पर तलाशने के लिए टैलेंट सर्च कार्यक्रम चलाएगी। इसके तहत 5 से 15 वर्ष की उम्र के बच्चों की खेल प्रतिभा की पहचान की जाएगी। चयनित बच्चों को उनकी क्षमता के अनुसार प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि उन्हें आगे खेल के क्षेत्र में बेहतर अवसर मिल सकें।

नर्मदा के लिए ‘नमन मिशन’ को मंजूरी

नर्मदा नदी को प्रदूषण मुक्त और स्वच्छ बनाने के लिए ‘नमन मिशन’ शुरू किया जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार ने 100 करोड़ रुपये के अनुदान को मंजूरी दी है।

मिशन के तहत नर्मदा जल की स्वच्छता, प्रदूषण रोकने और घाटों की सफाई समेत कई कार्य किए जाएंगे। सरकार का लक्ष्य नर्मदा को निर्मल और अविरल बनाए रखने के लिए व्यापक व्यवस्था तैयार करना है।

विज्ञान और तकनीक के लिए ₹492.84 करोड़

कैबिनेट ने वर्ष 2026 से 2031 की अवधि के लिए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में 492.84 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की है।

इसमें अनुसंधान, योजना एवं विकास गतिविधियों के लिए 201.28 करोड़ रुपये, निर्देशन एवं प्रशासन के लिए 119.04 करोड़ रुपये और विज्ञान के लोकप्रियकरण एवं प्रसार के लिए 172.52 करोड़ रुपये शामिल हैं।

सरकार GIS, रिमोट सेंसिंग, बायोटेक्नोलॉजी और जलवायु परिवर्तन जैसे क्षेत्रों में रिसर्च को बढ़ावा देगी। ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में मोबाइल विज्ञान प्रयोगशालाएं, विज्ञान कार्यशालाएं और ‘साइंस ऑन व्हील्स’ जैसे कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे।

कामकाजी महिलाओं के लिए 4 हॉस्टल

बैठक में कामकाजी महिलाओं के लिए चार वर्किंग वुमन हॉस्टल बनाने को भी मंजूरी दी गई। इससे नौकरी या काम के सिलसिले में दूसरे शहरों में रहने वाली महिलाओं को सुरक्षित आवास की सुविधा मिल सकेगी।

वहीं, MP रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन में 35 नए पद स्वीकृत किए गए हैं।

निवेश के लिए 11 जगहों पर तैयारी

कैबिनेट बैठक में प्रदेश में निवेश बढ़ाने को लेकर भी चर्चा हुई। मध्य प्रदेश ने निवेश के लिए 11 स्थानों का चयन किया है। करीब 9 हजार एकड़ जमीन के लिए लगभग 8 हजार करोड़ रुपये के प्रस्ताव भेजे गए हैं।

बैठक में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान और प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना में प्रदेश के प्रदर्शन पर भी चर्चा हुई। सरकार के मुताबिक, डिंडोरी जिले ने प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना में देश में पहला स्थान हासिल किया है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जनविश्वास अभियान के तहत टीकमगढ़ का दौरा भी करेंगे।

Exit mobile version