Site icon AB News24.in

MP Samajwadi Party Protest: भोपाल में सपा का शक्ति प्रदर्शन… 500 ट्रैक्टरों के साथ पहुंचेंगे किसान

भोपाल, 18 नवम्बर। MP Samajwadi Party Protest: किसानों की समस्याओं और आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) बुधवार को भोपाल में प्रदर्शन करेगी। पार्टी का दावा है कि इस प्रदर्शन में करीब 500 ट्रैक्टरों के जरिए किसान राजधानी पहुंचेंगे। सपा ने इस कार्यक्रम को ‘समाजवादी किसान पीडीए पंचायत’ नाम दिया है। प्रदर्शन दोपहर 1 बजे से शुरू होगा।

CM और केंद्रीय कृषि मंत्री के आवास का करेंगे घेराव

प्रदर्शन से पहले तुलसी नगर स्थित जेपी अस्पताल के सामने पार्टी के प्रदेश कार्यालय के बाहर सभा आयोजित की जाएगी। इसके बाद किसान और पार्टी कार्यकर्ता पैदल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के आवास का घेराव करने के लिए रवाना होंगे।

किसानों, युवाओं और आम जनता के मुद्दे उठाएगी सपा

सपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव ने आरोप लगाया कि सरकार किसानों और आम जनता से किए गए वादों को पूरा करने में नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि किसान खाद की कमी और अपनी उपज के उचित दाम को लेकर परेशान हैं। वहीं युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं और आम जनता महंगाई से जूझ रही है।

सभा में किसान भी रखेंगे अपनी समस्याएं

इस सभा को प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव के अलावा राष्ट्रीय सचिव शिव सिंह पटेल, सूफियान कुरैशी और पार्टी के अन्य पदाधिकारी संबोधित करेंगे। इस दौरान किसान भी मंच से अपनी समस्याएं और मांगें रखेंगे।

Exit mobile version