रतलाम, 17 नवम्बर। MP Viral Video: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के सैलाना से भारत आदिवासी पार्टी के विधायक कमलेश्वर डोडियार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। एक जनजातीय समारोह में भाषण के दौरान विधायक ने आवेश में आकर श्रोताओं से पूछ लिया कि क्या उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए? इस पर मंच के सामने बैठे लोगों ने तुरंत जवाब दिया- ‘दे दो’।
दरअसल, समारोह को संबोधित करते हुए विधायक डोडियार ने विधानसभा में विधायकों के बैठने की व्यवस्था का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा में 230 विधायकों के बैठने के लिए कुर्सियां हैं और अंदर जाने का रास्ता भी एक ही है। इसके बाद उन्होंने श्रोताओं से सवाल किया, “क्या करूं, इस्तीफा दे दूं? आप बोलो, तो मैं इस्तीफा दे दूं।”
विधायक के इस सवाल पर वहां मौजूद कई लोग एक साथ बोल पड़े- ‘दे दो, दे दो’। इसके बाद डोडियार ने लोगों को शांत करते हुए कहा, “ओके! दे देंगे। चलो ठीक है, पर उसके लिए भोपाल जाना पड़ेगा।”
भाषण के मुद्दे को लेकर भी हुआ विवाद
चश्मदीदों के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान मंच पर मौजूद एक व्यक्ति ने विधायक के राजनीतिक बयानों पर आपत्ति जताई। उसने डोडियार से अपना भाषण आदिवासी क्रांतिकारी भगवान बिरसा मुंडा के विचारों और जल, जंगल व जमीन जैसे मुद्दों तक सीमित रखने को कहा।
विधायक ने बताई इस्तीफे की बात की वजह
इस घटनाक्रम पर विधायक कमलेश्वर डोडियार ने कहा कि समारोह में कुछ ‘बदमाश टाइप’ के लोग उनके बारे में गलत टिप्पणियां कर रहे थे और उन्हें उकसाने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस्तीफे की बात उन्होंने केवल माहौल शांत करने के लिए कही थी।


