मुंगेली, 26 सितंबर। Mungeli: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज मुंगेली जिले के पथरिया विकासखंड स्थित ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक स्थल हरिहर क्षेत्र केदार मदकूद्वीप पहुंचकर प्राचीन रामाश्रय एवं गणेश मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान से छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति और प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में आयोजित कन्या पूजन में शामिल होकर कन्याओं का पूजन किया और उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने कन्या भोज में शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया। सीएम साय ने कहा कि सनातन संस्कृति में कन्याओं को शक्ति का स्वरूप माना गया है। कन्या पूजन मातृशक्ति के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता की अभिव्यक्ति है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राचीन धार्मिक परंपराओं, पुरातात्विक धरोहरों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध है। मदकूद्वीप भी प्रदेश की महत्वपूर्ण धरोहरों में शामिल है, जहां इतिहास, आस्था और प्रकृति का संगम देखने को मिलता है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने पुरातत्व विभाग द्वारा स्थापित मंदिर संग्रहालय का भी अवलोकन किया। उन्होंने संग्रहालय में संरक्षित पुरातात्विक धरोहरों और ऐतिहासिक अवशेषों की जानकारी ली तथा मदकूद्वीप के ऐतिहासिक, पुरातात्विक और आध्यात्मिक महत्व को जाना।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की प्राचीन विरासत और सांस्कृतिक पहचान का संरक्षण एवं संवर्धन जरूरी है। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहरें आने वाली पीढ़ियों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने वाली अमूल्य निधि हैं।
कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन समेत कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

