भिलाई, 30 अगस्त। Murder Case: छत्तीसगढ़ के भिलाई में लिफ्ट मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक हो गया। सुपेला थाना क्षेत्र के नेहरू नगर चौक में शनिवार रात एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक की रविवार सुबह अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान कैंप-01 निवासी शिव कुमार सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक शिव अपने दोस्त शिशांत के साथ बाइक से नेहरू नगर चौक पहुंचा था। उसे चिचोला जाना था, जहां वह दुकान चलाता था। रात में उसने चौक पर एक ट्रक को रोककर लिफ्ट लेने की कोशिश की, लेकिन ट्रक नहीं रुका।
इसके बाद शिव ने वहां से गुजर रहे स्कूटी सवार युवकों को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और स्कूटी सवार युवकों ने शिव पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद शिव को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां रविवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

