Site icon AB News24.in

Murder Case: अमेरिका में भारतीय मूल की मां-बेटे की हत्या… 17 वर्षीय बड़े बेटे पर आरोप

मैसाचुसेट्स, 13 अगस्त। Murder Case: अमेरिका के मैसाचुसेट्स में भारतीय मूल के 17 वर्षीय किशोर अर्जुन अरविंद पर अपनी मां और छोटे भाई की हत्या के गंभीर आरोप लगे हैं। घटना एक्टन शहर स्थित परिवार के घर में हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर अपनी 45 वर्षीय मां सुधा वेंकटेशन और 14 वर्षीय भाई सिद्धार्थ अरविंद पर जानलेवा हमला किया और इसके बाद मां की होंडा एकॉर्ड कार लेकर फरार हो गया।

बड़े बेटे को पुलिस ने लिया हिरासत में

पुलिस ने रातभर तलाश के बाद बुधवार सुबह अर्जुन को वेलैंड के एक पार्किंग स्थल से हिरासत में लिया। उसके खिलाफ हत्या के दो मामलों के अलावा परिवार के सदस्य से मारपीट, मारपीट, बिना अनुमति वाहन चलाने और मोटर वाहन चोरी करने जैसे आरोप लगाए गए हैं।

मामले का खुलासा मंगलवार शाम हुआ, जब परिवार के घर पहुंची एक ट्यूटर को कोई सदस्य नहीं मिला। इसके बाद उसने अर्जुन के पिता से संपर्क किया। पिता ने भी परिवार से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन जब कोई जवाब नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई।

घर में अलग-अलग जगह मिले मां-बेटे के शव

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों को घर के अलग-अलग हिस्सों में सुधा वेंकटेशन और सिद्धार्थ अरविंद के शव मिले। पुलिस के मुताबिक, दोनों के शरीर पर चोट के निशान थे। हालांकि, मेडिकल एग्जामिनर ने अभी मौत की सटीक वजह और घटना में इस्तेमाल हथियार से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।

जांच के दौरान अर्जुन के हालिया व्यवहार को लेकर भी जानकारी सामने आई है। मिडलसेक्स काउंटी डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी कार्यालय के अनुसार, जांचकर्ताओं को इंटरनेट और ChatGPT पर परिवार की हत्या से जुड़े काल्पनिक विचारों की खोज किए जाने के संकेत मिले हैं।

हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं की है। पुलिस और अभियोजन पक्ष मामले की जांच कर रहे हैं और आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Exit mobile version