Site icon AB News24.in

Nagaland Breaking: नगालैंड में जहरीली शराब का कहर… 19 लोगों की मौत

नगालैंड, 26 सितंबर। Nagaland Breaking: नगालैंड में कथित तौर पर जहरीली और मिलावटी शराब पीने से पिछले दो दिनों में कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में मोकोकचुंग जिले के 8 और तुएनसांग जिले के 11 लोग शामिल हैं। खास बात यह है कि नगालैंड में वर्ष 1990 से शराबबंदी लागू है।

मिलावटी शराब की सप्लाई चेन की जांच

मामले की जांच के लिए पुलिस ने स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) गठित की है। एसएसपी वेसुप्रा केजो के मुताबिक, एएसपी आई. बुंगलांग चांग के नेतृत्व में गठित टीम जहरीली शराब के स्रोत और उसकी सप्लाई चेन का पता लगाएगी।

पुलिस ने मौत की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए शराब और अन्य नमूनों को फोरेंसिक जांच के लिए गुवाहाटी भेजा है। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान कुछ सुराग मिले हैं, लेकिन फिलहाल उनके बारे में जानकारी साझा करना जल्दबाजी होगी।

छापेमारी में 19 गिरफ्तार, 3 हजार बोतलें जब्त

मौतों के बाद पुलिस ने कई स्थानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 19 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अवैध शराब की करीब 3,000 बोतलें जब्त की गई हैं।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां तैयार की गई और इसकी सप्लाई किन-किन इलाकों तक पहुंचाई गई। पुलिस ने लोगों से बिना लेबल, बिना पहचान वाली या संदिग्ध अवैध शराब का सेवन नहीं करने की अपील की है।

पुलिस के मुताबिक, शराब पीने के बाद चक्कर आना, धुंधला दिखाई देना, सांस लेने में परेशानी या बेहोशी जैसे लक्षण नजर आएं तो तत्काल डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

Exit mobile version