Site icon AB News24.in

Nagpur Robbery Case: भूसे के ढेर में मिला 4 करोड़ का खजाना… पुलिस भी रह गई हैरान!

बालाघाट, 25 नवम्बर। Nagpur Robbery Case: मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में नागपुर क्राइम ब्रांच की कार्रवाई के दौरान करोड़ों रुपए की नकदी बरामद हुई है। खेत में भूसे के ढेर के अंदर छिपाकर रखी गई तीन बोरियों से 4 करोड़ रुपए से ज्यादा की रकम मिली है। बताया जा रहा है कि यह रकम नागपुर में हुई 3.74 करोड़ रुपए की लूट से जुड़ी है। फिलहाल पुलिस नोटों की गिनती कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम चोरी के आरोप में गिरफ्तार शुभम नाम के आरोपी को लेकर बालाघाट के डोरली गांव पहुंची थी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक खेत में तलाशी ली। इस दौरान भूसे के ढेर के अंदर छिपाई गई तीन बोरियों से नकदी बरामद की गई।

जीजा के खेत में छिपाई थी रकम

पुलिस के मुताबिक, शुभम ने करीब चार दिन पहले लूट की रकम अपने जीजा अरविंद डहरवाल के खेत में छिपाई थी। दावा किया जा रहा है कि आरोपी के जीजा को भी रकम छिपाए जाने की जानकारी थी। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

नागपुर में व्यापारी के कर्मचारियों से हुई थी लूट

यह पूरा मामला नागपुर के तुलसी नगर में 18 नवंबर को हुई 3.74 करोड़ रुपए की लूट से जुड़ा है। बदमाशों ने व्यापारी सुरेश परमार के कर्मचारियों से नकदी से भरी कार लूट ली थी और फरार हो गए थे। बाद में लूटी गई कार कामठी रोड के खैरी इलाके में मिली, लेकिन उसमें रखी नकदी गायब थी।

8 आरोपी शामिल, 6 अब भी फरार

पुलिस के मुताबिक, इस लूटकांड में कुल 8 आरोपी शामिल थे। इनमें से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि 6 आरोपी अभी फरार हैं। बालाघाट में बरामद नकदी की गिनती की जा रही है। साथ ही पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Exit mobile version