Nasha Mukti Abhiyan: रायपुर में नशामुक्ति पदयात्रा… CM साय ने युवाओं से की नशे से दूर रहने की अपील

Nasha Mukti Abhiyan: रायपुर में नशामुक्ति पदयात्रा… CM साय ने युवाओं से की नशे से दूर रहने की अपील

रायपुर, 30 सितम्बर। Nasha Mukti Abhiyan: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बुधवार को राजधानी रायपुर में देवेंद्र नगर चौक से लाल चौक तक आयोजित नशामुक्ति पदयात्रा में शामिल हुए। इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं, युवाओं, महिलाओं, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने हिस्सा लिया। सभी ने नशामुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया। पदयात्रा के समापन पर मुख्यमंत्री ने लाल चौक स्थित लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

नशामुक्त छत्तीसगढ़ ही विकसित छत्तीसगढ़ की नींव

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि नशामुक्त और स्वस्थ छत्तीसगढ़ ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव बनेगा। नशे का असर केवल व्यक्ति पर नहीं, बल्कि उसके पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। इसलिए युवाओं को नशे से बचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत हैं। युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, खेल और उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराकर प्रदेश की प्रगति में उनकी भागीदारी बढ़ाई जा रही है।

सेवा संकल्प अभियान के तहत हो रहे कार्यक्रम

मुख्यमंत्री ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती 25 सितंबर से महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर तक नशामुक्ति पदयात्रा सप्ताह आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य नशामुक्त जीवन, स्वस्थ समाज और जनभागीदारी के संदेश को लोगों तक पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के महत्व को ध्यान में रखते हुए देशभर में सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

बस्तर में विकास और युवाओं को अवसर देने पर जोर

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर लंबे समय तक नक्सलवाद से प्रभावित रहा है। अब क्षेत्र में शांति और विकास के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, संचार और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए काम किया जा रहा है। युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि राज्य में नई औद्योगिक नीति के माध्यम से निवेश को बढ़ावा दिया जा रहा है। सेमीकंडक्टर और डेटा सेंटर जैसे आधुनिक क्षेत्रों में निवेश से युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।

27 वर्षों से निकाली जा रही पदयात्रा

मुख्यमंत्री ने विधायक पुरंदर मिश्रा द्वारा पिछले 27 वर्षों से नशामुक्ति, वृक्षारोपण और स्वच्छता जैसे सामाजिक विषयों पर पदयात्रा आयोजित करने की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज में स्थायी बदलाव लाने के लिए जनभागीदारी जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इन पदयात्राओं से प्रेरित होकर हजारों लोग नशामुक्ति का संकल्प ले चुके हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं और युवाओं से इस संदेश को अपने परिवार, मित्रों और समाज तक पहुंचाने की अपील की।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक पुरंदर मिश्रा, संजय श्रीवास्तव, गौरीशंकर श्रीवास, मोना सेन, अमरजीत छाबड़ा, ममता साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, युवा, महिलाएं और नागरिक उपस्थित रहे।

राज्य खबर