Site icon AB News24.in

National Unity Day: राष्ट्रीय एकता दिवस पर CM साय ने सरदार पटेल को किया नमन

रायपुर, 31 अक्टूबर। National Unity Day: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास में भारत रत्न एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल भारतीय एकता और अखंडता के महान शिल्पकार थे। उन्होंने अपने अदम्य साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और कुशल नेतृत्व से स्वतंत्रता के बाद देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर मजबूत और अखंड भारत की नींव रखी। राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन राष्ट्रहित, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा का प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने हर परिस्थिति में देश की एकता को सर्वोपरि रखा। उनके आदर्श आज भी हमें सामूहिक प्रयास और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देते हैं।

सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरदार पटेल के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को आगे बढ़ाया जा रहा है। देश विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के नए आयाम स्थापित करते हुए विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस केवल सरदार पटेल के योगदान को याद करने का दिन नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता बनाए रखने के संकल्प को दोहराने का अवसर भी है। भारत की विविधता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाने और राष्ट्र की एकता एवं समृद्धि में योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर सशक्त, समरस और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प लेना चाहिए, ताकि विकसित भारत के लक्ष्य में प्रदेश भी अग्रणी भूमिका निभा सके।

Exit mobile version