नई दिल्ली, 17 जुलाई। NEET UG Result 2026: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने Re-NEET UG 2026 परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। परीक्षा में शामिल उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाकर अपना रिजल्ट देख और डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए अभ्यर्थियों को अपना एप्लीकेशन नंबर, पासवर्ड और कैप्चा कोड दर्ज करना होगा।
इस वर्ष एमबीबीएस की 1.37 लाख से अधिक सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) के अनुसार देशभर के 823 मेडिकल कॉलेजों में कुल 1,36,939 एमबीबीएस सीटों पर दाखिले होंगे। इस बार 9,911 नई सीटें भी जोड़ी गई हैं, जिससे मेडिकल शिक्षा में प्रवेश के अवसर बढ़े हैं।
रिजल्ट जारी होने के बाद अब उम्मीदवारों को काउंसिलिंग प्रक्रिया का इंतजार है। एनएमसी के अनुसार 20 जुलाई के बाद एमबीबीएस दाखिले के लिए काउंसिलिंग शुरू की जाएगी। काउंसिलिंग के दौरान सफल अभ्यर्थी अपनी रैंक के अनुसार पसंदीदा मेडिकल कॉलेज का चयन कर सकेंगे।
एनएमसी की ओर से काउंसिलिंग तीन चरणों में आयोजित की जाएगी। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे काउंसिलिंग से संबंधित सभी अपडेट और शेड्यूल के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर बनाए रखें।

