काठमांडू, 26 अगस्त । Nepal Flood: नेपाल के रसुवा जिले में बुधवार सुबह भोटेकोशी नदी में अचानक आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी। तिब्बत की ओर से आए तेज पानी से टिमुरे और स्याफ्रुबेसी समेत आसपास के इलाकों में घर, बाजार, सड़क, पुल और जलविद्युत परियोजनाओं को नुकसान पहुंचा है।
शुरुआती रिपोर्टों में कम से कम 7 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। नेपाल सेना के अनुसार 25 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है और बड़े स्तर पर खोज एवं बचाव अभियान जारी है।
टिमुरे बाजार और सीमा क्षेत्र में भारी नुकसान
बाढ़ से टिमुरे बाजार और रसुवागढ़ी सीमा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। कई वाहन और सामान पानी में बह गए। पुलिस के तीन ठिकानों को भी नुकसान पहुंचा है। टिमुरे में तैनात 9 सशस्त्र पुलिसकर्मियों के लापता होने की जानकारी भी सामने आई है।
कई जिलों में अलर्ट
बाढ़ के बाद रसुवा के अलावा नुवाकोट, धादिंग, गोरखा और चितवन के नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है। प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे जाने और प्रभावित मार्गों पर अनावश्यक यात्रा से बचने को कहा है।
राहत और बचाव अभियान तेज
प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने स्थिति की निगरानी करते हुए राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। नेपाली सेना, सशस्त्र पुलिस और नेपाल पुलिस को अभियान में लगाया गया है। प्रभावित क्षेत्रों में हेलीकॉप्टरों की मदद से खोज, बचाव और राहत कार्य जारी हैं।
बाढ़ के कारण नुकसान का पूरा आकलन अभी नहीं हो पाया है। अधिकारियों का कहना है कि राहत और बचाव अभियान के आगे बढ़ने के साथ नुकसान और लापता लोगों की संख्या की तस्वीर और स्पष्ट होगी।

