रायपुर, 27 अगस्त। Nepal Flood Helpline: नेपाल के रसुवा जिले में 26 अगस्त को भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ से भारी तबाही हुई है। आपदा के बाद कई लोगों के मारे जाने और लापता होने की खबर है। इस बीच नेपाल में फंसे छत्तीसगढ़ के नागरिकों की मदद के लिए राज्य सरकार ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है।
छत्तीसगढ़ सरकार ने नागरिकों और उनके परिजनों से अपील की है कि नेपाल में फंसे लोगों की जानकारी और सहायता के लिए आपदा प्रबंधन हेल्पलाइन नंबर 1070 या दूरभाष नंबर +91-771-2223471 पर संपर्क करें।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार अपने सभी नागरिकों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि नेपाल में फंसे छत्तीसगढ़ के नागरिकों की सुरक्षित वापसी और उन्हें जरूरी सहायता उपलब्ध कराने के लिए सरकार पूरी तत्परता से काम कर रही है।
राज्य सरकार की ओर से लोगों से अपील की गई है कि नेपाल में अपने परिजनों या परिचितों के फंसे होने की जानकारी मिलने पर हेल्पलाइन के जरिए संपर्क करें, ताकि आवश्यक सहायता और जानकारी उपलब्ध कराई जा सके।

