Site icon AB News24.in

Nitin Nabin CG Visit: छत्तीसगढ़ आएंगे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन

रायपुर, 07 नवम्बर। Nitin Nabin CG Visit: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 15 नवंबर को छत्तीसगढ़ के दौरे पर आएंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पहला छत्तीसगढ़ दौरा होगा। इस दौरान वे रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे।

नितिन नवीन के दौरे से पहले भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी 11 नवंबर को छत्तीसगढ़ पहुंचेंगी। वे सीधे धरमजयगढ़ जाकर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेंगी। इसके बाद 15 नवंबर को वे भी नितिन नवीन के साथ मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगी।

गांव से बूथ स्तर तक होंगे आयोजन

भाजपा इस बार जनजातीय गौरव दिवस को केवल सांस्कृतिक आयोजन तक सीमित नहीं रखेगी, बल्कि इसे जनजातीय समाज के बीच संवाद और संगठन की पहुंच बढ़ाने के अभियान के रूप में मनाने की तैयारी में है। इसके तहत गांवों से लेकर बूथ स्तर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इन कार्यक्रमों में भगवान बिरसा मुंडा और वीर नारायण सिंह सहित जनजातीय नायकों के संघर्ष और बलिदान की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा।

इसी सिलसिले में हाल ही में प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में कार्यशाला आयोजित कर कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई थी।

जनजातीय समाज पर भाजपा का विशेष फोकस

छत्तीसगढ़ में जनजातीय समाज भाजपा की राजनीतिक और संगठनात्मक रणनीति का अहम हिस्सा है। 2011 की जनगणना के अनुसार, प्रदेश की कुल आबादी में अनुसूचित जनजाति वर्ग की हिस्सेदारी 30.6 प्रतिशत है। वहीं, विधानसभा की 90 सीटों में से 29 सीटें अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित हैं।

ऐसे में बस्तर और सरगुजा जैसे जनजातीय बहुल क्षेत्रों के साथ प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी जनजातीय समाज के बीच अपनी पहुंच मजबूत करना भाजपा के लिए महत्वपूर्ण है।

इसी रणनीति के तहत पार्टी जनजातीय गौरव दिवस को गांवों से लेकर बूथ स्तर तक संपर्क अभियान का रूप दे रही है। इसके जरिए जनजातीय नायकों के इतिहास, सांस्कृतिक पहचान और सरकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के साथ सीधा संवाद बढ़ाने की तैयारी है। प्रदेशभर में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Exit mobile version