Site icon AB News24.in

NMDC Bailadila: बैलाडीला में खिसका लाल मलबा… जंगलों और वन्यजीवों पर खतरा

दंतेवाड़ा, 20 नवम्बर। NMDC Bailadila: बैलाडीला की पहाड़ियों में NMDC की खनन गतिविधियों से जुड़े टीलिंग्स डंप को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। लोहागांव के पास जमा लाखों टन खनिज अपशिष्ट पिछले दो दिनों से लगातार खिसक रहा है। इसके चलते आसपास के जंगल, पेड़-पौधे और ग्रामीण रास्ते प्रभावित हुए हैं। लोहागांव को किरंदुल से जोड़ने वाली सड़क भी लाल मलबे में दब गई है।

जिला पंचायत सदस्य सोमारू कड़ती ने दावा किया है कि करीब 10 किलोमीटर के इलाके में मलबा फैल गया है। इससे बड़ी संख्या में पेड़-पौधों के नष्ट होने और वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास पर खतरा पैदा होने की आशंका है। हालांकि, पर्यावरण को हुए नुकसान का आधिकारिक आंकड़ा अभी सामने नहीं आया है।

दरअसल, लौह अयस्क के प्रसंस्करण के बाद निकलने वाले बारीक खनिज अपशिष्ट को लंबे समय से इस क्षेत्र में जमा किया जा रहा था। अब यही विशाल टीलिंग्स डंप खिसककर आसपास के जंगल और ग्रामीण इलाकों को प्रभावित कर रहा है।

ठेका व्यवस्था और सुरक्षा निगरानी पर उठे सवाल

घटना के बाद टीलिंग्स डंप की सुरक्षा व्यवस्था, तकनीकी निगरानी और ठेका प्रक्रिया को लेकर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि यूनियनों के विरोध के बावजूद पहली बार इस काम की जिम्मेदारी एक निजी कंपनी को सौंपी गई थी।

वहीं, सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अधिकारियों के प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण नहीं कर पाने की बात सामने आई है। मीडिया को भी घटनास्थल तक पहुंचने से रोके जाने का दावा किया गया है।

स्वतंत्र जांच और जवाबदेही तय करने की मांग

घटना के बाद प्रभावित क्षेत्र में हुए नुकसान का आकलन कराने की मांग तेज हो गई है। स्थानीय स्तर पर स्वतंत्र तकनीकी जांच, पर्यावरणीय नुकसान का सर्वे और टीलिंग्स डंप की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की मांग उठ रही है।

साथ ही NMDC और संबंधित ठेका कंपनी की जिम्मेदारी तय करने की मांग भी की जा रही है। फिलहाल मलबा खिसकने से हुए नुकसान की वास्तविक स्थिति और इसके कारणों को लेकर आधिकारिक जांच का इंतजार है।

Exit mobile version