Site icon AB News24.in

Odisha Landslide: ओडिशा में भूस्खलन से तबाही… 7 लोगों की मौत

भुवनेश्वर, 06 नवम्बर। Odisha Landslide: ओडिशा के गंजाम जिले के घिड़ीपाबली गांव में भूस्खलन से बड़ा हादसा हुआ है। इस प्राकृतिक आपदा में अब तक 7 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 6 लोग अभी भी लापता हैं। मृतकों में एक ही परिवार के पांच सदस्य शामिल हैं, जिनमें तीन छोटे बच्चे भी हैं। भूस्खलन के कारण गांव के कई घर मलबे में दब गए।

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा 28 अक्टूबर को चक्रवात अर्नब के बाद आई बाढ़ और भूस्खलन के दौरान हुआ था। गुरुवार को तलाशी अभियान के दौरान पांच और शव बरामद किए गए। इसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर सात हो गई।

प्रशासन के अनुसार, 28 अक्टूबर की सुबह करीब 3 बजे गंजाम और कंधमाल जिले की सीमा के पास भंजनगर ब्लॉक के घिड़ीपाबली गांव में पहाड़ी का बड़ा हिस्सा खिसक गया। उस समय गांव के लोग अपने घरों में सो रहे थे। पहाड़ी से चट्टानें, मिट्टी और पेड़ नीचे आ गिरे, जिससे कई मकान मलबे में दब गए। पहाड़ी से तेज बहाव के साथ पानी भी नीचे आया। इस दौरान 13 लोग किसी तरह सुरक्षित बचने में कामयाब रहे।

खराब मौसम के बाद फिर शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे के बाद से ही बचाव और तलाशी अभियान जारी है। खराब मौसम के कारण बुधवार को अभियान रोकना पड़ा था, जिसे बाद में दोबारा शुरू किया गया। ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), अग्निशमन सेवा और रेलवे की टीमें लापता लोगों की तलाश में जुटी हैं।

ओडिशा सरकार ने केंद्र से मांगी आर्थिक सहायता

इस आपदा के बाद ओडिशा सरकार ने केंद्र से राहत कार्यों के लिए 2,526 करोड़ रुपये की सहायता मांगी है। इसके साथ ही स्थायी आपदा प्रबंधन व्यवस्था मजबूत करने के लिए 10,000 करोड़ रुपये के विशेष पैकेज की मांग भी की गई है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा देने की बात कही है।

Exit mobile version