मयूरभंज, 29 अगस्त। Odisha News: ओडिशा के मयूरभंज जिले में कक्षा 9 की नाबालिग छात्रा के करीब पांच माह की गर्भवती होने का मामला सामने आया है। परिवार की शिकायत के बाद बड़साही पुलिस ने मामला दर्ज कर एक युवक को हिरासत में लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
परिजनों के मुताबिक, गर्मी की छुट्टियों के दौरान पड़ोस में रहने वाले युवक ने कथित तौर पर छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि घटना के बाद युवक ने छात्रा को किसी को जानकारी देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। डर के कारण छात्रा ने काफी समय तक परिवार को कुछ नहीं बताया।
स्कूल में स्वास्थ्य जांच के दौरान सामने आया मामला
छुट्टियां खत्म होने के बाद छात्रा अपने स्कूल के छात्रावास लौट गई। इसी सप्ताह स्कूल में हुई स्वास्थ्य जांच के दौरान उसके गर्भवती होने की जानकारी सामने आई। स्कूल प्रबंधन ने इसके बाद छात्रा के परिजनों को इसकी सूचना दी।
परिजनों ने छात्रा की चिकित्सीय जांच कराई, जिसमें करीब पांच माह की गर्भावस्था की पुष्टि हुई। इसके बाद छात्रा ने परिवार को घटना के बारे में बताया। परिवार ने बड़साही थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर पड़ोसी युवक रवींद्र सिंह को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। मामले की जांच उप-निरीक्षक अनीता स्वाईं कर रही हैं। पुलिस छात्रा और उसके परिजनों के बयान दर्ज करने के साथ ही मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। छात्रा की पहचान गोपनीय रखी गई है।

