Site icon AB News24.in

Online Trading Fraud: ऑनलाइन ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा… ठेकेदार से 23.50 लाख की ठगी

रायपुर, 13 सितम्बर। Online Trading Fraud: राजधानी रायपुर में ऑनलाइन ट्रेडिंग के जरिए मुनाफा कमाने का झांसा देकर एक ठेकेदार से 23 लाख 50 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने फेसबुक पर ईसीएन ट्रेडिंग का विज्ञापन दिखाकर पीड़ित से संपर्क किया और निवेश के बदले रोजाना हजारों रुपये मुनाफा देने का लालच दिया।

पुलिस के मुताबिक, अम्लीडीह के शिवम विहार निवासी समीर सिंह ने फेसबुक पर ईसीएन ट्रेडिंग का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने के बाद आरोपियों ने उन्हें बताया कि 20 हजार रुपये निवेश करने पर प्रतिदिन 5 हजार रुपये तक का मुनाफा मिल सकता है।

आरोपियों की बातों में आकर समीर सिंह ने उनके बताए अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर करना शुरू कर दिया। करीब तीन महीने में अलग-अलग किस्तों के जरिए कुल 23.50 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए। शुरुआत में आरोपियों ने रजिस्ट्रेशन और निवेश के नाम पर पैसे जमा कराए। इसके बाद मुनाफे का लालच देकर लगातार और रकम ट्रांसफर करवाते रहे।

पैसे मांगने पर टालमटोल

जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने पैसे लौटाने के बजाय टालमटोल शुरू कर दी। इसके बाद समीर सिंह को ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने न्यू राजेंद्र नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों के मोबाइल नंबर, बैंक खातों और लेन-देन की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि ठगी में कितने लोग शामिल हैं और रकम किन-किन खातों में ट्रांसफर की गई।

Exit mobile version