पटना, 24 अगस्त। Patna News: दिल्ली से पटना आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI 1741 सोमवार सुबह लैंडिंग से पहले पक्षी से टकरा गई। पायलट की सूझबूझ से विमान को सुबह 7:43 बजे जय प्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतार लिया गया। विमान में 164 यात्री सवार थे।
दाहिने इंजन के पास हुआ बर्ड स्ट्राइक
लैंडिंग से पहले पायलट ने विमान के दाहिने इंजन के पास पक्षी टकराने की जानकारी एयरपोर्ट प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही एहतियात के तौर पर एयरपोर्ट पर आपातकालीन प्रोटोकॉल सक्रिय कर दिया गया।
रनवे पर दमकल और अन्य राहत सेवाओं को तैनात कर दिया गया था। एयरपोर्ट प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहा। पटना एयरपोर्ट निदेशक सीपी द्विवेदी ने भी बर्ड स्ट्राइक की घटना की पुष्टि की।
इंजन को नहीं हुआ नुकसान
विमान के सुरक्षित उतरने के बाद तकनीकी टीम ने उसकी जांच की। जांच में पक्षी से टकराने की पुष्टि हुई, लेकिन इंजन को किसी तरह का नुकसान नहीं मिला।
यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान की पूरी तकनीकी जांच की गई। सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही विमान को दोबारा उड़ान की अनुमति दी गई।
79 मिनट की देरी से दिल्ली रवाना हुआ विमान
AI 1741 को पटना से सुबह 8:45 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरनी थी, लेकिन बर्ड स्ट्राइक के बाद जरूरी सुरक्षा जांच के चलते उड़ान में देरी हुई। विमान करीब 79 मिनट की देरी से सुबह 10:09 बजे 160 यात्रियों को लेकर दिल्ली के लिए रवाना हुआ।
राहत की बात रही कि घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई और विमान को सुरक्षित रूप से दिल्ली रवाना कर दिया गया।

