पटना, 25 अगस्त। Patna Student Protest: टीआरई-4 की एकल परीक्षा कराने समेत अन्य मांगों को लेकर मंगलवार को पटना में छात्रों का प्रदर्शन उग्र हो गया। गांधी मैदान से शुरू हुआ प्रदर्शन डाकबंगला चौराहे तक पहुंच गया। प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा घेरा पार कर आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
गांधी मैदान और आसपास के इलाकों में पहले से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। इसके बावजूद बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पार कर डाकबंगला चौराहे तक पहुंच गए। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए पानी की बौछार की और बाद में हल्का बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को पीछे किया।
वाटर कैनन के बीच तिरंगा लेकर नारेबाजी
पुलिस की कार्रवाई के बावजूद कई प्रदर्शनकारी मौके पर डटे रहे। कुछ छात्र तिरंगा लेकर सड़क पर नारेबाजी और डांस करते नजर आए। प्रदर्शनकारी टीआरई-4 में एकल परीक्षा कराने समेत अन्य मांगों को लेकर सरकार और आयोग से जल्द निर्णय लेने की मांग कर रहे थे।
अधिकारियों ने मौके पर संभाला मोर्चा
हालात को देखते हुए डाकबंगला चौराहे पर आईजी जितेंद्र राणा, जिलाधिकारी कुंदन कुमार और एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया और पुलिस बल को आवश्यक निर्देश दिए।
अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन भीड़ के पीछे नहीं हटने पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर उन्हें तितर-बितर किया। इसके बाद कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया।
पुलिस बस के आगे खड़े होकर नारेबाजी
हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों को बस से ले जाने के दौरान भी हंगामा जारी रहा। कुछ प्रदर्शनकारी पुलिस बस के सामने खड़े होकर नारेबाजी करने लगे। पुलिस ने उन्हें हटाकर बस को आगे रवाना किया।
प्रदर्शन के कारण डाकबंगला चौराहे और आसपास के इलाकों में काफी देर तक अफरा तफरी रही। पुलिस के हालात नियंत्रित करने के बाद यातायात सामान्य करने की कोशिश शुरू की गई।

