PM मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे… CM साय ने कहा- युवाओं के लिए प्रेरणादायी है जीवन यात्रा

PM मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे… CM साय ने कहा- युवाओं के लिए प्रेरणादायी है जीवन यात्रा

रायपुर, 08 अक्टूबर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर के बलवीर सिंह जुनेजा इनडोर स्टेडियम में आयोजित ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ समारोह में शामिल हुए। यह कार्यक्रम सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित किया गया। समारोह में ‘नमो सेवा गाथा’ लाइट एंड साउंड शो के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संघर्ष, सेवा और राष्ट्र निर्माण की यात्रा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे हुए हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में करीब 13 वर्ष और देश के प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्ष से अधिक की उनकी यात्रा सेवा, सुशासन, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण की प्रेरक गाथा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए भारत को समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम किया है। गरीब, किसान, युवा, महिला और वंचित वर्गों को केंद्र में रखकर योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है। इसे पूरा करना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी के साथ छत्तीसगढ़ को भी विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने के लिए सभी को मिलकर आगे बढ़ना होगा।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। 13 अलग-अलग बिंदुओं के माध्यम से अभियान को जनभागीदारी से जोड़ा गया है। इसका उद्देश्य सेवा, स्वच्छता, सामाजिक सरोकार और राष्ट्र निर्माण की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है।

युवाओं के लिए प्रेरणादायी है पीएम मोदी की यात्रा

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘नमो सेवा गाथा’ के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी के जीवन के विभिन्न पड़ावों, संघर्ष और सेवा भावना को जानने का अवसर मिला। सामान्य परिस्थितियों से आगे बढ़कर देश का नेतृत्व करने तक की उनकी यात्रा युवाओं के लिए प्रेरणादायी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का जीवन बताता है कि मजबूत संकल्प, अनुशासन, दृढ़ इच्छाशक्ति और जनसेवा की भावना के साथ बड़ी से बड़ी चुनौती को अवसर में बदला जा सकता है।

बस्तर में शांति और विकास का नया दौर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प, सुरक्षा बलों के साहस और स्थानीय जनता के सहयोग से नक्सलवाद के खिलाफ अभियान को बड़ी सफलता मिली है। बस्तर में अब शांति और विकास का नया दौर शुरू हुआ है।

उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में कभी विकास पहुंचना मुश्किल था, वहां अब सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार और सरकारी योजनाओं की पहुंच बढ़ रही है। सरकार का लक्ष्य है कि बस्तर का हर नागरिक विकास की मुख्यधारा से जुड़े और युवाओं को शिक्षा, कौशल, रोजगार व उद्यमिता के बेहतर अवसर मिलें।

किसानों और महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार किसानों की समृद्धि के लिए लगातार काम कर रही है। कृषि को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की करीब 68 लाख पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना के तहत अब तक 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्रदान की जा चुकी है। इससे महिलाओं का आर्थिक स्वावलंबन बढ़ा है और परिवार के निर्णयों में उनकी भागीदारी भी मजबूत हुई है।

छत्तीसगढ़ में रेल कनेक्टिविटी का विस्तार

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए करीब 51 हजार करोड़ रुपये के कार्य चल रहे हैं। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत छत्तीसगढ़ के 32 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। इससे प्रदेश में यात्री सुविधाओं के साथ उद्योग, व्यापार, पर्यटन और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।

6,691 जनजातीय गांवों में विकास कार्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के 6,691 जनजातीय गांवों में आवास, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली और आजीविका जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज प्रदेश की संस्कृति और परंपराओं का गौरव है। सरकार का प्रयास है कि जनजातीय क्षेत्र विकास की मुख्यधारा में शामिल होने के साथ प्रदेश की प्रगति के प्रमुख केंद्र बनें।

सिंगापुर दौरे का किया जिक्र

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारत के प्रति बढ़े वैश्विक विश्वास का लाभ छत्तीसगढ़ को भी मिल रहा है। उन्होंने अपने हालिया सिंगापुर दौरे का जिक्र करते हुए बताया कि वहां उद्योग जगत के साथ हुई चर्चा में छत्तीसगढ़ में निवेश को लेकर उत्साह देखने को मिला।

उन्होंने कहा कि 15 बड़ी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने वन-टू-वन चर्चा में छत्तीसगढ़ में निवेश को लेकर रुचि दिखाई है। सरकार का लक्ष्य केवल उद्योग स्थापित करना नहीं, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है।

इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक सुनील सोनी और मोतीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, पूर्व महिला आयोग अध्यक्ष हर्षिता पाण्डेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

राज्य खबर