नई दिल्ली, 26 सितंबर। PM Modi GenZ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को दिल्ली के दीनदयाल उपाध्याय पार्क में आयोजित ‘भजन क्लबिंग’ कार्यक्रम में पहुंचे। यहां उन्होंने युवाओं के साथ भजन सुने और खंजरी बजाकर ताल में शामिल हुए।
यह कार्यक्रम पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया था। कार्यक्रम की खासियत यह रही कि पारंपरिक भजनों को युवाओं के आधुनिक और कॉन्सर्ट जैसे अंदाज के साथ प्रस्तुत किया गया।
‘भजन क्लबिंग’ एक ऐसा प्रारूप है, जिसमें युवा एक साथ भजन और भक्ति संगीत का आनंद लेते हैं। प्रधानमंत्री मोदी जनवरी में ‘मन की बात’ कार्यक्रम के दौरान भी इस ट्रेंड का जिक्र कर चुके हैं। उन्होंने इसे आध्यात्मिकता, संस्कृति और आधुनिकता के मेल के रूप में बताया था।
इससे पहले जुलाई में मेलबर्न में भारतीय समुदाय के कार्यक्रम के दौरान भी प्रधानमंत्री मोदी ने Gen-Z के बीच बढ़ रहे ‘भजन क्लबिंग’ ट्रेंड का उल्लेख किया था।
दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के मौके पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं की मौजूदगी रही। प्रधानमंत्री मोदी की भागीदारी ने कार्यक्रम को और खास बना दिया।

