Site icon AB News24.in

PM Modi Manila Visit: जमीन पर रखा तिरंगा… पीएम मोदी ने उठाकर जेब में रखा

मनीला, 18 नवम्बर। PM Modi Manila Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिलीपींस दौरे के दौरान QUAD बैठक से जुड़ा एक वीडियो चर्चा में है। बैठक से पहले चारों देशों के नेताओं के फोटो सेशन के दौरान जमीन पर भारतीय तिरंगे का निशान लगा एक छोटा कार्ड रखा हुआ था। पीएम मोदी ने उसे जमीन से उठाया और अपनी जेब में रख लिया। उनका यह कदम कैमरे में कैद हो गया और सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।

हालांकि, मनीला दौरे में भारत की ओर से सिर्फ यह तस्वीर ही नहीं, बल्कि एक बड़ी घोषणा भी की गई। प्रधानमंत्री मोदी ने ऐलान किया कि भारत 2027 में पहले QUAD बिजनेस लीडर्स फोरम की मेजबानी करेगा। इसका आयोजन मुंबई में किया जाएगा।

समुद्री सुरक्षा को लेकर QUAD का नया प्लान

बैठक में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री निगरानी सहयोग को मजबूत करने के लिए नई पहल की घोषणा की। इसका उद्देश्य समुद्री गतिविधियों से जुड़ी जानकारी साझा करना और निगरानी व्यवस्था को बेहतर बनाना है।

संयुक्त बयान के मुताबिक, 2027 में पहली बार QUAD के तहत P-8 और P-3C समुद्री गश्ती विमान संयुक्त अभ्यास में हिस्सा लेंगे। इसके जरिए क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा और सहयोग को मजबूती मिलेगी।

दुर्लभ खनिजों पर ट्रंप का बड़ा दावा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दुर्लभ मृदा तत्वों (Rare Earth Elements) के उत्पादन को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि अमेरिका अगले 10 महीनों में इस क्षेत्र में चीन की बराबरी कर सकता है। ट्रंप ने QUAD देशों के बीच महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति और आर्थिक सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया।

वहीं, फिलीपींस से रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने ASEAN देशों के साथ भारत के मजबूत संबंधों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ASEAN के साथ रिश्ते भारत की ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ के केंद्र में हैं।

Exit mobile version