नई दिल्ली, 27 अगस्त। PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ‘खेलो इंडिया डायलॉग- खेल की बात, प्रधानमंत्री मोदी के साथ’ कार्यक्रम के तहत देशभर के युवा खिलाड़ियों और एथलीटों से संवाद किया। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में पीएम मोदी ने युवाओं को खेलों से जुड़ने और देश के लिए बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
पीएम मोदी ने कहा, “जो खेलेगा, वो खिलेगा।” उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की उपलब्धियों से उनके राज्य और शहर की पहचान भी बनती है। इस दौरान प्रधानमंत्री ने देशवासियों और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय खेल दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।
2036 ओलंपिक के लिए अभी से तैयारी
कार्यक्रम में पीएम मोदी ने 2036 ओलंपिक को लेकर भारत की तैयारियों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश को अभी से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण देना होगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि 5 से 15 साल की उम्र के खिलाड़ियों की प्रतिभा पहचानने पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। हर खेल में भारत को मजबूत बनाना होगा, तभी देश की मेडल टैली बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार हरसंभव सहयोग देगी।
टैलेंट हब से खिलाड़ियों की पहचान
पीएम मोदी ने कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान के लिए टैलेंट हब कार्यक्रम चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य अलग-अलग खेलों में उभरती प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि कौन सा बच्चा किस खेल के लिए बेहतर है, इसकी पहचान कम उम्र में ही होनी चाहिए। सरकार देश में मजबूत स्पोर्ट्स इकोसिस्टम तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है और युवा खिलाड़ियों को आवश्यक ट्रेनिंग उपलब्ध कराई जाएगी।
खेलों से दूर होगा नशे का खतरा
प्रधानमंत्री ने युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि अच्छा खिलाड़ी बनने के लिए नशे से दूरी जरूरी है। ड्रग की समस्या से निपटने में खेलों की बड़ी भूमिका हो सकती है।
पीएम मोदी ने कहा कि 2036 ओलंपिक की तैयारी केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने पैरा खिलाड़ियों का उदाहरण देते हुए कहा कि खेल किस तरह लोगों का जीवन बदल सकता है, यह हमारे पैरा खिलाड़ी दिखा रहे हैं।
1,500 से ज्यादा संस्थानों ने लिया हिस्सा
राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर यह कार्यक्रम देशभर के 1,500 से अधिक शिक्षण संस्थानों में वर्चुअली आयोजित किया गया। इसमें IIT, IIM, AIIMS, मेडिकल कॉलेज और विश्वविद्यालयों सहित कई प्रमुख संस्थानों ने भाग लिया।
इस पहल का उद्देश्य जमीनी स्तर पर खेल सुविधाओं को मजबूत करना, कोचिंग और प्रतियोगिता के अवसर बढ़ाना, 2036 ओलंपिक के लिए प्रतिभाओं को तैयार करना और खेलों के साथ युवाओं की भागीदारी को बढ़ावा देना है।

