नई दिल्ली, 12 अगस्त। PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की आत्मकथा ‘ट्रायम्फ ऑफ द इंडियन रिपब्लिक: माई लाइफ, माई स्ट्रगल्स’ का विमोचन किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कोविंद के जीवन संघर्ष, उनकी सादगी और राष्ट्रसेवा में योगदान की सराहना की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि रामनाथ कोविंद की जीवन यात्रा और उनके अनुभव नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद कोविंद ने मेहनत और अपनी क्षमता के दम पर जीवन में महत्वपूर्ण मुकाम हासिल किया।
पीएम मोदी ने कहा कि देश को ऐसे युवाओं की जरूरत है, जो मुश्किलों से घबराए बिना अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि युवाओं के इसी प्रयास से सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प पूरा होगा।
बचपन के संघर्षों का भी जिक्र
प्रधानमंत्री ने कोविंद के शुरुआती जीवन के संघर्षों को याद करते हुए बताया कि कानपुर देहात में जन्मे रामनाथ कोविंद ने बचपन में कई कठिन परिस्थितियों का सामना किया। मोदी ने बताया कि एक बार उनके घर में आग लग गई थी। इस हादसे में उनकी मां की मौत हो गई थी।
पीएम मोदी ने कहा कि कम उम्र में मां को खोने का दर्द बेहद कठिन रहा होगा, लेकिन इन परिस्थितियों ने कोविंद को कमजोर करने के बजाय और मजबूत बनाया। उन्होंने कोविंद की कर्तव्यनिष्ठा और सेवाभाव की भी प्रशंसा की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आत्मकथा में रामनाथ कोविंद के शुरुआती जीवन से लेकर सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रपति पद तक के उनके अनुभवों और उपलब्धियों का उल्लेख है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पुस्तक युवाओं को प्रेरित करने के साथ ही भारतीय लोकतंत्र की यात्रा को समझने में भी मदद करेगी।

