Site icon AB News24.in

PM Modi Putin Meeting: मोदी का पुतिन को खास तोहफा… रूस तक पहुंची भारत की सांस्कृतिक विरासत

नई दिल्ली, 11 सितम्बर। PM Modi Putin Meeting: ब्रिक्स सम्मेलन से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की मुलाकात हुई। इस दौरान पीएम मोदी ने पुतिन को तमिल संत और कवि तिरुवल्लुवर की प्रसिद्ध रचना ‘तिरुक्कुरल’ का रूसी अनुवाद भेंट किया।

पुस्तक भेंट करते हुए पीएम मोदी ने पुतिन को इसके महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तिरुवल्लुवर ने अपनी रचना में मानव जीवन, नैतिकता और आचरण से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं को समझाया है। पीएम मोदी ने उम्मीद जताई कि रूसी भाषा में तिरुक्कुरल का अनुवाद दोनों देशों के बीच जनसंपर्क बढ़ाने और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने में मदद करेगा।

करीब 2 हजार साल पुरानी है तिरुक्कुरल

‘तिरुक्कुरल’ तमिल साहित्य की प्रसिद्ध रचनाओं में से एक है और इसे ‘तमिल वेद’ भी कहा जाता है। करीब 2,000 साल पुरानी इस रचना में 133 अध्याय और 1,330 दोहे हैं। इसमें जीवन, नैतिकता, आचरण और सामाजिक मूल्यों से जुड़े संदेश दिए गए हैं।

तिरुवल्लुवर को तमिल समाज में संत, कवि और दार्शनिक के रूप में विशेष सम्मान प्राप्त है। उनकी रचना का दुनिया की कई भाषाओं में अनुवाद हो चुका है।

पीएम मोदी की ओर से पुतिन को तिरुक्कुरल का रूसी अनुवाद भेंट करना भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत को रूस तक पहुंचाने और दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने के संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।

Exit mobile version