गाजियाबाद, 07 नवम्बर। Police Chowki Blast: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में शुक्रवार देर रात इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा पुलिस चौकी में जोरदार धमाका हो गया। धमाके की आवाज से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। घटना में चौकी की दो खिड़कियां टूट गईं और दीवार में भी दरार आ गई। इस दौरान एक डिलीवरी बॉय घायल हो गया।
घायल युवक की पहचान ईशान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह ग्रॉसरी की डिलीवरी देने पुलिस चौकी पहुंचा था। इसी दौरान अचानक धमाका हो गया, जिससे खिड़की का कांच टूटकर उसके सिर में लग गया। उसे चोट आई है। हालांकि, उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
शुरुआती जांच में पुलिस चौकी के अंदर रखे जब्त पटाखों में आग लगने या एसी में ब्लास्ट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक धमाके की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। उत्तर प्रदेश एटीएस की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।
एसीपी सूर्यबली मौर्य के मुताबिक, धमाके के समय चौकी में एक सब-इंस्पेक्टर और डिलीवरी बॉय मौजूद थे। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही धमाके की वास्तविक वजह सामने आएगी।

