Site icon AB News24.in

Police Smriti Diwas: CM विष्णुदेव साय ने शहीद जवानों को किया नमन… कहा- बस्तर में लौट रहा शांति और विश्वास

रायपुर, 21 अक्टूबर। Police Smriti Diwas: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के माना स्थित चौथी वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल परिसर में आयोजित परेड को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कर्तव्य पथ पर सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिस और सुरक्षा बलों के जवानों को नमन करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के विरुद्ध मिली निर्णायक सफलता जवानों के अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान का परिणाम है।

मुख्यमंत्री ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर अमर जवानों को श्रद्धांजलि दी। साथ ही शहीद पुलिस अधिकारियों और जवानों के परिजनों को शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश अपने वीर जवानों और उनके परिवारों के योगदान को कभी नहीं भूलेगा।

बस्तर में भय की जगह अब शांति और विश्वास का माहौल

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि दशकों तक नक्सली हिंसा और भय से प्रभावित रहे बस्तर सहित प्रदेश के दूरस्थ इलाकों में अब शांति, सुरक्षा और विश्वास का नया वातावरण बन रहा है। इस बदलाव में छत्तीसगढ़ पुलिस, जिला रिजर्व गार्ड (DRG), बस्तर फाइटर्स और केंद्रीय सुरक्षा बलों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता मिली है। घने जंगलों, दुर्गम पहाड़ियों और कठिन परिस्थितियों में जवानों ने अदम्य साहस का परिचय दिया है।

जहां कभी था भय, वहां पहुंच रही विकास की रोशनी

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर के जिन क्षेत्रों में कभी हिंसा और भय का माहौल था, वहां अब सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और संचार जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। नियद नेल्लानार योजना, पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से दूरस्थ और वंचित जनजातीय क्षेत्रों तक विकास पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता नक्सलवाद के विरुद्ध मिली सफलता को स्थायी शांति में बदलना और विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

शहीद परिवारों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि एक जवान जब देश और समाज की सुरक्षा के लिए कर्तव्य निभाता है, तो उसके पीछे पूरे परिवार का त्याग, धैर्य और साहस होता है। शहीद परिवारों का सम्मान और कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार हर परिस्थिति में शहीद जवानों के परिवारों के साथ खड़ी है। पुलिस और सुरक्षा बलों को आधुनिक तकनीक, बेहतर प्रशिक्षण और आवश्यक संसाधनों से सशक्त बनाने के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

नक्सल विरोधी अभियान में छह पुलिस जवान शहीद

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा और जनसेवा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर जवानों का त्याग सदैव स्मरणीय रहेगा।

वहीं, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने बताया कि 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 के बीच नक्सल विरोधी कार्रवाइयों में छत्तीसगढ़ पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों ने महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं। इस अवधि में 84 नक्सली मारे गए, जबकि छत्तीसगढ़ पुलिस के छह जवानों ने कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों की आहुति दी।

पुलिस महानिदेशक ने कहा कि शहीद परिवार छत्तीसगढ़ पुलिस परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं। उनके त्याग और साहस को हमेशा सम्मान के साथ याद किया जाएगा।

शहीद वाटिका में भी दी श्रद्धांजलि

पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राजीव स्मृति वन स्थित शहीद वाटिका भी पहुंचे। यहां उन्होंने अमर जवान स्तंभ पर पुष्प अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, विधायक मोतीलाल साहू, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विवेकानंद सिन्हा, पुलिस एवं सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी और शहीद जवानों के परिजन मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अमर शहीदों का साहस और बलिदान आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा।

Exit mobile version