जगदलपुर, 23 अक्टूबर। President Droupadi Murmu Danteshwari Temple Visit: राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज अपने बस्तर प्रवास के दौरान जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने मां दंतेश्वरी के दर्शन कर देशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की। मंदिर परिसर में राष्ट्रपति का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने भी मां दंतेश्वरी के दर्शन किए। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और निरंतर प्रगति की कामना की।
बस्तर की आस्था और संस्कृति का प्रतीक हैं मां दंतेश्वरी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि मां दंतेश्वरी के प्रति बस्तर के लोगों की अटूट श्रद्धा है। मां दंतेश्वरी यहां की आस्था और लोकजीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन करना बस्तर और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का अवसर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर अपनी समृद्ध जनजातीय संस्कृति, प्राचीन परंपराओं और विशिष्ट जीवन मूल्यों के लिए देश-दुनिया में अलग पहचान रखता है। यहां की परंपराओं में प्रकृति, आस्था और समाज के बीच गहरा संबंध दिखाई देता है। राष्ट्रपति के प्रवास से बस्तर की सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान और सम्मान मिलने में मदद मिलेगी।
धार्मिक-सांस्कृतिक परंपरा में विशेष स्थान
मां दंतेश्वरी बस्तर अंचल की आराध्य देवी हैं। क्षेत्र के लोगों की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं में उनका विशेष स्थान है। मां दंतेश्वरी से जुड़ी आस्था बस्तर की सदियों पुरानी परंपराओं और सामाजिक जीवन में गहराई से रची-बसी है।

