चंडीगढ़, 31 अक्टूबर। Punjab Politics: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने शनिवार को 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। इस सूची में सबसे प्रमुख नाम मुख्यमंत्री भगवंत मान का है। पार्टी ने उन्हें एक बार फिर धूरी विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है।
भगवंत मान की विधानसभा सीट बदलने को लेकर पिछले कुछ समय से चर्चाएं चल रही थीं, लेकिन पार्टी ने धूरी सीट से ही उन पर भरोसा जताया है। उन्होंने 2022 के विधानसभा चुनाव में इसी सीट से कांग्रेस उम्मीदवार दलबीर सिंह गोल्डी को 58,206 वोटों के बड़े अंतर से हराया था।
पहली सूची में जेल में बंद मंत्री संजीव अरोड़ा का नाम भी शामिल है। पार्टी ने उन्हें लुधियाना वेस्ट से टिकट दिया है। इसके अलावा अजनाला से कुलदीप सिंह धालीवाल, तरनतारन से हरमीत सिंह संधू और एसएएस नगर से कुलवंत सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है।
इस सूची की एक और खास बात यह है कि पार्टी ने करीब 37 मौजूदा विधायकों को दोबारा मौका दिया है। यानी AAP ने पहली सूची में अपने पुराने और मौजूदा विधायकों पर भरोसा कायम रखा है।
बता दें कि पंजाब विधानसभा में कुल 117 सीटें हैं। वर्ष 2027 में यहां विधानसभा चुनाव होने हैं। 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर आम आदमी पार्टी ने चुनावी मैदान में अपनी तैयारी का संकेत दे दिया है। अब बाकी 77 सीटों के उम्मीदवारों की घोषणा पर नजर रहेगी।

