Rahul Gandhi Bastar Visit: बस्तर आएंगे राहुल गांधी… बोधघाट परियोजना प्रभावितों से करेंगे मुलाकात

Rahul Gandhi Bastar Visit: बस्तर आएंगे राहुल गांधी… बोधघाट परियोजना प्रभावितों से करेंगे मुलाकात

रायपुर, 10 अक्टूबर। Rahul Gandhi Bastar Visit: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का जल्द ही छत्तीसगढ़ के आदिवासी बहुल बस्तर संभाग का दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान वे बहुचर्चित बोधघाट बहुउद्देशीय परियोजना से प्रभावित होने वाले ग्रामीणों और किसानों से सीधे बातचीत करेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने रायपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी।

दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस बस्तर के जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए ग्रामीणों के साथ खड़ी है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी स्थानीय लोगों के अधिकारों से कोई समझौता नहीं होने देगी।

सुखदेव भगत के दौरे के बाद राहुल गांधी का प्रवास

दीपक बैज के मुताबिक, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत हाल ही में बस्तर का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याओं और चिंताओं से रूबरू हुए थे। अब ग्रामीणों की मांग और विस्थापन की आशंकाओं को देखते हुए राहुल गांधी के माध्यम से इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की तैयारी है। राहुल गांधी के दौरे का विस्तृत कार्यक्रम जल्द तय किया जाएगा।

कांग्रेस का कहना है कि बोधघाट परियोजना से स्थानीय जनजातीय समुदाय की आजीविका और सांस्कृतिक पहचान प्रभावित हो सकती है।

बिजली संकट को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना

पत्रकार वार्ता के दौरान दीपक बैज ने राज्य की बिजली व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली उत्पादन में सरप्लस रहने वाले छत्तीसगढ़ को अब बाहर से बिजली खरीदने की जरूरत पड़ रही है। उनके अनुसार, अघोषित बिजली कटौती से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के लोग परेशान हैं।

स्मार्ट मीटर के विरोध में अभियान

दीपक बैज ने स्मार्ट मीटर योजना को जनविरोधी बताते हुए आरोप लगाया कि उपभोक्ता अधिक बिल और तेजी से रीडिंग बढ़ने की शिकायतों से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर स्मार्ट मीटर हटाने की मांग के समर्थन में सहमति पत्र भरवा रहे हैं। पार्टी का दावा है कि इस अभियान को जनता का समर्थन मिल रहा है।

News and Politics