Site icon AB News24.in

Raigarh Flood Update: बाढ़ प्रभावितों के बीच पहुंचे ओ.पी. चौधरी… बोले- हर परिवार के साथ खड़ी है सरकार

रायगढ़, 28 सितंबर। Raigarh Flood Update: चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से महानदी का जलस्तर बढ़ने के कारण रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र के सरिया तहसील के कई गांव बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। स्थिति का जायजा लेने वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी राहत एवं बचाव दल के साथ नाव से जलमग्न गांवों में पहुंचे।

ओ.पी. चौधरी ने बोरिदा, ठेंगागुरी और तोरा गांव पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की और बाढ़ से उत्पन्न हालात की जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित परिवारों, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों का हालचाल जाना और उनकी समस्याओं को सुना।

वित्त मंत्री ने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित लोगों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है और किसी भी प्रभावित परिवार को जरूरी सहायता से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।

मौके पर चौधरी ने अधिकारियों को प्रभावित लोगों के लिए भोजन, स्वच्छ पेयजल, दवाइयां और स्वास्थ्य सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की जरूरतों का विशेष ध्यान रखने और आवश्यकता पड़ने पर ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने को कहा।

उन्होंने कहा कि महानदी के जलस्तर और प्रभावित गांवों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। शासन-प्रशासन की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं और स्थिति के अनुसार जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

Exit mobile version