Site icon AB News24.in

Raigarh News: पुसौर में 8 पार्षदों के इस्तीफे पर बोले मंत्री जायसवाल… राजनीति में ऐसा होता रहता है

रायगढ़, 18 सितम्बर। Raigarh News: जिले के पुसौर नगर पंचायत में 8 भाजपा पार्षदों के सामूहिक इस्तीफे की खबर के बाद स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है। पार्षदों ने नगर पंचायत अध्यक्ष की कार्यप्रणाली और वार्डों में विकास कार्य नहीं होने को लेकर नाराजगी जताई है। हालांकि, भाजपा जिलाध्यक्ष अरुणधर दीवान के अनुसार उन्हें अभी तक पार्षदों का औपचारिक इस्तीफा प्राप्त नहीं हुआ है और उन्होंने पार्षदों से बातचीत के लिए बुलाया है।

पार्षदों की ओर से दिए गए आवेदन में शासकीय कर्मचारियों और नगर पंचायत अध्यक्ष पर कथित उत्पीड़न के आरोप लगाए गए हैं। उन्होंने पानी, बिजली, सड़क, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य नहीं होने तथा पार्षद निधि के काम लंबित रहने की बात कही है।

इन 8 पार्षदों के नाम

इस्तीफे के आवेदन में वार्ड क्रमांक 6 के बलराम, वार्ड 14 के शौकीलाल चौहान, वार्ड 11 के रूपेश कुमार साव, वार्ड 1 के प्रदीप यादव, वार्ड 2 के फागूलाल प्रधान, वार्ड 3 की मंजू पटेल, वार्ड 7 के वरुण महाणा और नगर पंचायत उपाध्यक्ष उमेश साव के नाम शामिल बताए गए हैं।

मंत्री जायसवाल ने बताया सामान्य राजनीतिक प्रक्रिया

इस घटनाक्रम पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि राजनीति में अलग-अलग परिस्थितियों और कारणों से लोग इस्तीफा देते रहते हैं। उन्होंने पुसौर के घटनाक्रम को सामान्य राजनीतिक प्रक्रिया बताया।

‘आशीर्वाद का दीया’ पर भूपेश बघेल के सवाल का जवाब

‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के खर्च को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की ओर से उठाए गए सवालों पर मंत्री जायसवाल ने कहा कि एक-एक दीए का जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता इन सवालों का जवाब देगी और 2028 के विधानसभा चुनाव में इसका जवाब मिलेगा।

सरगुजा को लेकर कांग्रेस पर निशाना

सरगुजा की 14 विधानसभा सीटों पर कांग्रेस की वापसी के दावे पर भी मंत्री जायसवाल ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सपने देख सकती है और सपने देखने में कुछ नहीं जाता। उन्होंने कांग्रेस के पिछले प्रदर्शन का हवाला देते हुए दावा किया कि सरगुजा में पार्टी लगातार तीसरी बार शून्य सीटों पर रह सकती है।

Exit mobile version