रायपुर, 03 नवम्बर। Raipur: राजधानी रायपुर के स्वास्थ्य क्षेत्र में आज एक नई शुरुआत होने जा रही है। गुरुग्राम के प्रसिद्ध आर्टेमिस हॉस्पिटल्स समूह का नया अस्पताल ‘आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल’ आज से मरीजों की सेवा के लिए शुरू हो रहा है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन समारोह दोपहर 3 बजे पंडरी रोड स्थित अस्पताल परिसर में आयोजित होगा।
अब तक छत्तीसगढ़ के कई मरीजों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दिल्ली, मुंबई और हैदराबाद जैसे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था। इससे मरीजों और उनके परिजनों को आर्थिक खर्च के साथ-साथ यात्रा और समय की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल के शुरू होने से प्रदेश में ही आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में नई पहल होगी।
300 बेड की क्षमता वाले इस अस्पताल में कार्डियोलॉजी, न्यूरोसाइंसेज, ऑन्कोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स और क्रिटिकल केयर जैसी सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा आधुनिक ऑपरेशन थिएटर, अत्याधुनिक जांच सुविधाएं और 24 घंटे इमरजेंसी सेवाएं भी शुरू की जाएंगी।
अस्पताल में अनुभवी डॉक्टरों और नर्सिंग टीम के माध्यम से मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा। उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधियों, शहर के जाने-माने डॉक्टरों और गणमान्य नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।
गौरतलब है कि गुरुग्राम स्थित आर्टेमिस हॉस्पिटल्स को JCI और NABH की मान्यता प्राप्त है। अब आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल के माध्यम से समूह छत्तीसगढ़ में अपनी स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार कर रहा है। इससे रायपुर सहित प्रदेश के अन्य जिलों के मरीजों को भी आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है।

