रायपुर, 12 सितम्बर। Raipur: राजधानी रायपुर के सदर बाजार में शुक्रवार देर रात पुरानी और जर्जर इमारत का सामने का हिस्सा अचानक गिर गया। जिससे इलाके में हड़कंप मच गया|बताया जा रहा है कि घटना के दौरान आसपास तेज आवाज में डीजे बज रहा था। इमारत का हिस्सा गिरने की सूचना मिलते ही पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची।
एहतियात के तौर पर पुलिस ने कुछ समय के लिए मौके पर वाहनों की आवाजाही रोक दी। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के मुताबिक, जर्जर इमारत सहेली ज्वेलर्स के सामने स्थित है और इसके नीचे पान की दुकान संचालित होती है। इमारत का हिस्सा गिरने का आभास होते ही दुकानदार और आसपास मौजूद लोग समय रहते बाहर निकल गए। देर रात हादसा होने की वजह से बड़ा हादसा टल गया, क्योंकि दिन के समय सदर बाजार में लोगों की काफी भीड़ रहती है।
सीएम साय ने जर्जर भवनों को लेकर दिए थे सख्त निर्देश
गौरतलब है कि दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दो दिन पहले ही प्रदेश के सभी कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक की थी। उन्होंने जर्जर और जोखिमपूर्ण भवनों की पहचान कर उन्हें हटाने के निर्देश दिए थे।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे भवनों की नियमित निगरानी करने और संभावित खतरों की पहचान कर समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा था। उन्होंने स्पष्ट किया था कि जांच और कार्रवाई में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
नगर निगम पहले ही जारी कर चुका था नोटिस
नगर निगम जोन-4 के कमिश्नर के मुताबिक, संबंधित भवन काफी जर्जर स्थिति में था और भवन मालिक को पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका था। शुक्रवार देर रात अचानक इमारत का एक हिस्सा गिर गया।
घटना के बाद नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त हिस्से को हटाने का काम शुरू किया। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
पुलिस ने तेज आवाज में डीजे बजाने से किया मना
पुलिस ने लोगों से जर्जर भवन के आसपास तेज आवाज में डीजे या साउंड सिस्टम नहीं बजाने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि क्षतिग्रस्त हिस्से को हटाने और इलाके को सुरक्षित करने के दौरान किसी तरह का अतिरिक्त खतरा न हो, इसलिए सावधानी बरती जा रही है।

