रायपुर, 06 नवम्बर। Raipur Bhim Army Protest: पुलिस भर्ती अभ्यर्थियों की मांगों को लेकर हुए प्रदर्शन के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सड़क जाम कर यातायात बाधित करने के आरोप में भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश आजाद समेत 11 लोगों के खिलाफ कोतवाली थाने में नामजद FIR दर्ज की गई है।
जानकारी के मुताबिक, भीम आर्मी के बैनर तले करीब 100 से 150 कार्यकर्ता मुख्यमंत्री निवास की ओर मार्च कर रहे थे। इस दौरान प्रदर्शनकारी ओसीएम चौक पहुंचे और मुख्य सड़क पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हुआ।
एंबुलेंस और स्कूल बसें भी जाम में फंसीं
पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के कारण मरीजों को ले जा रही एंबुलेंस और स्कूली बच्चों की बसें भी जाम में फंस गईं। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने लाउडस्पीकर के जरिए प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी और उन्हें नवा रायपुर के तूता स्थित निर्धारित धरना स्थल पर जाने की अपील की। हालांकि, पुलिस का कहना है कि समझाने के बाद भी प्रदर्शनकारी सड़क से नहीं हटे।
इसके बाद सार्वजनिक मार्ग बाधित करने और यातायात प्रभावित करने के आरोप में पुलिस ने FIR दर्ज की। मामले में दिनेश आजाद के अलावा जिला अध्यक्ष देवेंद्र मैरिसा और युवराज ढीढी समेत कुल 11 लोगों को नामजद किया गया है।
पुलिस भर्ती अभ्यर्थियों की मांगों को लेकर प्रदर्शन जारी है।

