Site icon AB News24.in

Raipur Breaking News: मुख्यमंत्री निवास के बाहर हंगामा… व्यक्ति ने तोड़े वाहनों के शीशे

रायपुर, 13 अक्टूबर। Raipur Breaking News: राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री निवास के बाहर मंगलवार सुबह अचानक हंगामा हो गया। सिविल लाइन इलाके में स्थित CM हाउस के मुख्य गेट के पास एक व्यक्ति ने जमकर उत्पात मचाया और वहां खड़े वाहनों के शीशे तोड़ दिए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और व्यक्ति को हिरासत में ले लिया।

सुरक्षा कर्मियों से हुई झूमाझटकी

जानकारी के मुताबिक, व्यक्ति ने CM हाउस के बाहर खड़े वाहनों को नुकसान पहुंचाया। वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों ने उसे रोकने की कोशिश की, जिसके दौरान झूमाझटकी की स्थिति बन गई। घटना से आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

गोली चलने की चर्चा, पुलिस को नहीं मिले साक्ष्य

हंगामे के दौरान गोली चलने जैसी आवाज सुनाई देने की चर्चा भी सामने आई। हालांकि, सिविल लाइन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देवांगन के मुताबिक, मौके पर गोली चलने का कोई साक्ष्य नहीं मिला है। पुलिस ने बताया कि घटना में 112 एंबुलेंस के शीशे टूटने की जानकारी सामने आई है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने व्यक्ति को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि पूरे घटनाक्रम का पता लगाया जा सके।

पुलिस के अनुसार, व्यक्ति प्रथम दृष्टया मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रहा है। उसकी मेडिकल जांच कराई जा रही है। हालांकि, उसकी स्वास्थ्य स्थिति की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। फिलहाल पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Exit mobile version