रायपुर, 29 सितंबर। Raipur Building Collapse: राजधानी रायपुर में गणेश विसर्जन की झांकियों को देखने के लिए सोमवार रातभर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी रही। शारदा चौक से महादेवघाट तक निकली झांकियों को देखने शहर के अलग-अलग इलाकों से लोग पहुंचे। जयस्तंभ चौक और आसपास के क्षेत्रों में देर रात तक लोगों की भीड़ बनी रही। झांकियों में धार्मिक कथाओं और प्रसंगों को आकर्षक तरीके से दिखाया गया।
धार्मिक प्रसंगों ने खींचा लोगों का ध्यान
इस बार झांकियों में कई अलग-अलग धार्मिक कथाओं को प्रस्तुत किया गया। एक झांकी में वासुकी नाग और गरुड़ के बीच युद्ध दिखाया गया, जबकि दूसरी में यमलोक में रावण के हमले का दृश्य नजर आया। वहीं, एक अन्य झांकी में भगवान श्रीकृष्ण को गरुड़ का घमंड तोड़ते हुए दिखाया गया। इन झांकियों को देखने के लिए श्रद्धालु और आम लोग सड़क के दोनों ओर खड़े नजर आए।
भीड़ में फंसी एंबुलेंस, पुलिस ने खुलवाया रास्ता
झांकी मार्ग पर भारी भीड़ के कारण कई जगह यातायात प्रभावित हुआ। इसी दौरान एक एंबुलेंस भी भीड़ में फंस गई। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने लोगों को हटाकर रास्ता खुलवाया, जिसके बाद एंबुलेंस को बाहर निकाला गया।
इसी दौरान दुर्ग से आई एक महिला भी भीड़ में अपने परिवार से बिछड़ गई। महिला ने पुलिस सहायता केंद्र से मदद मांगी। इसके बाद पुलिस टीम ने उसकी मदद की और उसे परिवार तक पहुंचाने के लिए कार्रवाई की।
तेज डीजे के कंपन से दुकान का छज्जा गिरा
एमजी रोड इलाके में मंजू ममता रेस्टोरेंट के पास तेज डीजे और धुमाल के कंपन के कारण एक दुकान की छत का छज्जा गिर गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।
झांकियों के दौरान तेज आवाज में डीजे बजने से कुछ लोगों ने शिकायत भी की। कई समितियों ने धार्मिक गीतों के साथ फिल्मी गाने भी बजाए। इस दौरान पुलिसकर्मी लोगों को नियंत्रित करने और व्यवस्था संभालने में जुटे रहे।
सुरक्षा के लिए पुलिस की रही कड़ी निगरानी
झांकी मार्ग पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी तरह के वाहनों की एंट्री बंद रखी गई थी। ट्रैफिक पुलिस ने पहले ही एडवाइजरी जारी कर दी थी। पूरे मार्ग पर पुलिस बल तैनात रहा और ड्रोन व सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई। डीजे और साउंड सिस्टम के इस्तेमाल को लेकर भी नियम तय किए गए थे।
वहीं, तेलघानी नाका से शारदा चौक तक पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान कड़े और देशी शराब की बड़ी संख्या में बोतलें जब्त की गईं। झांकी मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें रातभर सक्रिय रहीं।

