रायपुर, 30 सितंबर। Raipur Central Jail: सेंट्रल जेल के बाहर संचालित एक मंगौड़ी सेंटर पर कार्रवाई के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, जेल प्रशासन की टीम ने सेंटर पर दबिश दी, जहां से गांजा, नशीली गोलियां, तंबाकू और बड़ी मात्रा में नकदी मिलने की बात सामने आई है। हालांकि, मामले में जेल प्रशासन की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान करीब 400 पैकेट सितार गुटखा, गांजा, नशीली गोलियां, दो मोबाइल फोन और लगभग 70 से 72 हजार रुपये नकद बरामद किए जाने की बात बात सामने आई है।
जेल प्रहरी से जुड़ा होने का दावा
बताया जा रहा है कि यह सेंटर जेल प्रहरी राजेश वर्मा से जुड़ा है। सूत्रों ने दावा किया है कि यहां से नशीला सामान जेल के अंदर पहुंचाया जाता था। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सूत्रों के मुताबिक, सेंटर पर ऑनलाइन भुगतान कथित तौर पर राजेश वर्मा की बेटी के बैंक खाते में लिए जाने की बात भी सामने आई है। इसके अलावा, एक अन्य जेल प्रहरी मन्नत पुरैना के पास से 15 पैकेट तंबाकू मिलने की जानकारी भी दी जा रही है।
कार्रवाई के बाद से बंद बताया जा रहा सेंटर
बताया जा रहा है कि कार्रवाई के बाद से मंगौड़ी सेंटर करीब तीन दिनों से बंद है। इस मामले में विभागीय कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल, बरामदगी और जेल के अंदर नशीला सामान पहुंचाने से जुड़े आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। मामले में जेल प्रशासन की प्रतिक्रिया और आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।

