रायपुर, 1 अगस्त। Raipur Central Jail: केंद्रीय जेल रायपुर में बंदियों तक गांजा, नशीली गोलियां और तंबाकू पहुंचाने के लिए अपनाए जा रहे नए-नए तरीकों का खुलासा हुआ है। पिछले महीने मुलाकात के दौरान कुछ लोगों ने प्याज, साबुन की टिकिया और सीलबंद बिस्किट पैकेट के भीतर प्रतिबंधित सामग्री छिपाकर जेल के अंदर पहुंचाने की कोशिश की। हालांकि जेल प्रशासन की सघन जांच में सभी प्रयास विफल कर दिए गए और प्रतिबंधित सामग्री जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों को देखते हुए जेल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। अब बंदियों के दैनिक उपयोग की कुछ चयनित वस्तुएं केवल जेल कैंटीन से ही उपलब्ध कराई जाएंगी। यह व्यवस्था फिलहाल अस्थायी रूप से लागू की गई है।
जेल प्रशासन के अनुसार कुछ लोग सीलबंद बिस्किट के पैकेट खोलकर उनमें नशीली गोलियां और तंबाकू रख देते थे, फिर उन्हें इस तरह दोबारा सील कर देते थे कि वे फैक्ट्री पैक जैसे दिखाई दें। वहीं प्याज को भीतर से खोखला कर उसमें गांजे की छोटी-छोटी पुड़ियां भर दी जाती थीं। साबुन की टिकिया के अंदर भी नशीले पदार्थ और अन्य प्रतिबंधित सामग्री छिपाने के मामले सामने आए हैं। तलाशी के दौरान इन सभी तरीकों का खुलासा हुआ।
प्रशासन का कहना है कि नशे और प्रतिबंधित सामग्री की तस्करी रोकने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है। अब चयनित दैनिक उपयोग की सामग्री केवल जेल कैंटीन से मिलेगी, जबकि अन्य स्वीकृत वस्तुएं पहले की तरह नियमानुसार परिजन दे सकेंगे।
जेल प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि कैंटीन में उपलब्ध कराई जाने वाली सामग्री गुणवत्तापूर्ण होगी और उसकी कीमत बाजार से कम रखी जाएगी, ताकि बंदियों के परिजनों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े।

