Site icon AB News24.in

Raipur: CM साय बोले- विजयादशमी सत्य और धर्म की जीत का उत्सव

रायपुर, 21 अक्टूबर। Raipur: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर के ऐतिहासिक WRS मैदान में आयोजित विजयादशमी महोत्सव में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने धनुष-बाण से रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के विशाल पुतलों का दहन किया। हजारों लोगों की मौजूदगी और जय श्रीराम के जयघोष के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं और सभी के जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विजयादशमी केवल बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व नहीं है, बल्कि यह सत्य, धर्म, न्याय और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देने वाला सांस्कृतिक उत्सव भी है। प्रभु श्रीराम का जीवन हमें सिखाता है कि परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, अंततः विजय सत्य और धर्म की ही होती है। उन्होंने कहा कि सही और गलत के बीच चुनाव करते समय हमेशा सत्य और न्याय का साथ देना चाहिए, क्योंकि यही व्यक्ति के चरित्र और संस्कारों की पहचान है।

पांच दशक से अधिक पुरानी है रावण दहन की परंपरा

मुख्यमंत्री ने कहा कि WRS मैदान में पांच दशक से अधिक समय से रावण दहन की परंपरा चली आ रही है। यह आयोजन अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय का संदेश देने के साथ नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

छत्तीसगढ़ से प्रभु श्रीराम का विशेष संबंध

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ का प्रभु श्रीराम से विशेष और आत्मीय संबंध है। यह धरती माता कौशल्या का मायका और भगवान श्रीराम का ननिहाल मानी जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, वनवास के दौरान भगवान श्रीराम ने माता सीता और लक्ष्मण के साथ छत्तीसगढ़ के वनांचलों में समय बिताया था। यही वजह है कि प्रदेश की लोकआस्था, संस्कृति और जनजीवन में भगवान श्रीराम का विशेष स्थान है।

ऑपरेशन सिंदूर का किया उल्लेख

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आतंकवाद के विरुद्ध भारत की नीति का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति देश की दृढ़ इच्छाशक्ति को प्रदर्शित किया है। भारत ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय सुरक्षा और नागरिकों के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

शांति, सुरक्षा और विकास सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश में स्थायी शांति, सुरक्षा और विकास के लिए प्रतिबद्ध है। बस्तर सहित प्रदेश के सभी क्षेत्रों में विश्वास, विकास और खुशहाली का वातावरण बनाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि माओवाद के विरुद्ध अभियान को निर्णायक गति मिली है और सरकार का उद्देश्य शांति एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

Exit mobile version