रायपुर, 14 सितम्बर। Raipur Crime: राजधानी रायपुर में एक युवती को कथित तौर पर जिंदा जलाने की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि छेड़छाड़ का विरोध करने पर गुस्साए युवक ने युवती पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना में युवती गंभीर रूप से झुलस गई है और उसका अस्पताल में इलाज जारी है।
मामला माना थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी युवक ने युवती के साथ छेड़छाड़ की थी। युवती ने इसका विरोध किया, जिसके बाद आरोपी कथित तौर पर भड़क गया। आरोप है कि इसी दौरान उसने युवती पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।
घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। परिजनों और आसपास के लोगों ने युवती को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
सूचना मिलने पर माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी वीरू धीवर के खिलाफ हत्या के प्रयास और छेड़छाड़ की धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

