Site icon AB News24.in

Raipur Crime News: नाबालिग बेटी से 3 साल तक शोषण… पिता समेत 6 गिरफ्तार

रायपुर, 19 अगस्त। Raipur Crime News: न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग के लंबे समय तक यौन शोषण का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने अपने पिता पर धमकी देकर उसका शोषण करने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने पिता और बुआ समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने शिकायत में बताया कि वर्ष 2023 में उसके साथ घटना हुई थी। इसके बाद आरोपी उसे धमकाकर लंबे समय तक शोषण करता रहा। पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट, जेजे एक्ट और BNS की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।

गर्भावस्था के बाद सामने आया मामला

पुलिस के अनुसार, पीड़िता दो बार गर्भवती हुई। पहली बार गर्भावस्था के दौरान उसे कथित तौर पर दवा देकर गर्भपात कराने का आरोप है। पुलिस इस मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

वर्ष 2025 में दोबारा गर्भवती होने के बाद उसकी वास्तविक उम्र और पहचान छिपाने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसे बालिग और शादीशुदा बताया गया, ऐसा आरोप है। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अस्पताल में बच्चे के जन्म के बाद जांच तेज

पुलिस के अनुसार, नाबालिग ने चंगोराभाठा स्थित एक अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया। आरोप है कि इसके बाद नवजात को दूसरे व्यक्ति को सौंप दिया गया। पुलिस ने जांच के दौरान बच्चे को बरामद कर लिया है।

छह आरोपी गिरफ्तार

मामले में पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें पीड़िता के पिता और बुआ के अलावा रोहित कुमार राय, साहेब मंडल, योगिता राय उर्फ गीता राय और बरखा वर्मा उर्फ वर्षा मंडल शामिल हैं। पुलिस ने दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नाबालिग की उम्र बदलने वाले दस्तावेज किसने तैयार किए और अस्पताल में भर्ती कराने की प्रक्रिया में किन लोगों की भूमिका थी। अस्पताल से जुड़े रिकॉर्ड और आरोपियों के संपर्कों की भी जांच की जा रही है।

Exit mobile version