Site icon AB News24.in

Raipur Divya Darbar: दिव्य दरबार की अनुमति पर घमासान… प्रेमासाईं महाराज ने दी आंदोलन की चेतावनी

रायपुर, 15 अक्टूबर। Raipur Divya Darbar: राजधानी रायपुर में प्रस्तावित दिव्य दरबार को लेकर धार्मिक आयोजन और प्रशासनिक अनुमति का मुद्दा गरमा गया है। मां मातंगी दिव्यधाम के पीठाधीश्वर डॉ. प्रेमासाईं महाराज ने पुलिस प्रशासन पर आयोजनों की अनुमति देने में दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने साफ कहा है कि यदि उनके कार्यक्रम को अनुमति नहीं मिली, तो वे अन्न त्यागकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।

पांच दिन चलेगा दिव्य दरबार

प्रेमासाईं महाराज 24 से 28 अक्टूबर तक रायपुर के गुढ़ियारी स्थित अवधपुरी मैदान में पांच दिवसीय दिव्य दरबार आयोजित करना चाहते हैं। उनके मुताबिक, कार्यक्रम में देश-विदेश से 35 से 40 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजन को पूरी तरह निःशुल्क रखने की बात कही गई है। हालांकि, अब तक प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने के कारण कार्यक्रम को लेकर असमंजस बना हुआ है।

बागेश्वर धाम के कार्यक्रमों का दिया उदाहरण

अनुमति में कथित भेदभाव का मुद्दा उठाते हुए प्रेमासाईं महाराज ने बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कार्यक्रमों का हवाला दिया। उन्होंने सवाल किया कि जब वहां दिव्य दरबार और प्रेत दरबार आयोजित किए जाते हैं, तो स्थानीय संतों के ऐसे आयोजनों पर आपत्ति क्यों है? उन्होंने मांग की कि धार्मिक कार्यक्रमों के लिए नियम सभी पर समान रूप से लागू किए जाएं।

श्रद्धालुओं के साथ धरने पर बैठने की चेतावनी

महाराज ने स्पष्ट किया कि उनका विरोध मुख्यमंत्री या राज्य सरकार के खिलाफ नहीं, बल्कि प्रशासन की कार्यप्रणाली के विरोध में होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अनुमति नहीं मिलने पर वे प्रस्तावित आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं के साथ बैठकर अन्न त्याग करेंगे।

प्रशासन के रुख का इंतजार

इस पूरे मामले में अब प्रशासन के फैसले पर नजरें टिकी हैं। फिलहाल, आयोजन की अनुमति को लेकर प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में यह देखना अहम होगा कि 24 अक्टूबर से प्रस्तावित दिव्य दरबार को अनुमति मिलती है या विवाद आगे बढ़ता है।

Exit mobile version