रायपुर, 24 सितंबर। Raipur Employees Protest: मंत्रालय से कर्मचारियों को लेकर जा रही बस में आग लगने की घटना के बाद कर्मचारियों का गुस्सा सामने आया है। गुरुवार को कर्मचारियों ने मंत्रालय के मेन गेट पर जुटकर बसों की खराब हालत और मेंटेनेंस को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने ‘रघुपति राघव राजा राम’ गाकर अपनी नाराजगी जताई।
दरअसल, बुधवार शाम मंत्रालय से करीब 35 कर्मचारियों को लेकर कबीर नगर जा रही बस में अचानक आग लग गई थी। बस के निचले हिस्से से धुआं उठने के बाद कुछ ही देर में आग की लपटें निकलने लगीं। हालांकि सभी कर्मचारी समय रहते बस से बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। कर्मचारियों का आरोप है कि बस में आग बुझाने के लिए फायर एक्सटिंग्विशर तक मौजूद नहीं था। मंत्रालय परिसर से दो फायर एक्सटिंग्विशर लाकर आग बुझाने का प्रयास किया गया, जिसके बाद दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया। शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
कर्मचारियों ने बताया कि बसों की खराब हालत और रखरखाव को लेकर पहले भी अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है। उनका कहना है कि कई बसों में बारिश के दौरान पानी टपकता है, सीटें भीग जाती हैं, दरवाजे ठीक से बंद नहीं होते और बसें रास्ते में खराब हो जाती हैं।
बताया गया है कि मंत्रालय कर्मचारियों के लिए संचालित बसें करीब 14 साल पुरानी हैं। वर्ष 2012 में 98 बसों के संचालन का ठेका दिया गया था। फिलहाल 83 बसें चल रही हैं, जबकि पांच बसें पहले ही ऑफरोड हो चुकी हैं।
31 अक्टूबर से बंद हो सकती है बस सेवा
मामले में अब नया अपडेट सामने आया है। एडिशनल कमिश्नर लोकेश्वर साहू के मुताबिक, निगम ने बस सेवा बंद करने के लिए शासन को पत्र भेजा है। बताया जा रहा है कि 31 अक्टूबर से मंत्रालय कर्मचारियों के लिए संचालित इन बसों की सेवा बंद की जा सकती है।

