Site icon AB News24.in

Raipur Fire News: रायपुर के फूड पार्क में भीषण आग… 6 दुकानें जलकर खाक

रायपुर, 16 नवम्बर। Raipur Fire News: राजधानी रायपुर के राजेंद्र नगर स्थित एक फूड पार्क में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते आसपास की कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान दो गैस सिलेंडरों में जोरदार धमाके हुए, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में करीब छह दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि चिंगारी से शुरू हुई आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और आसपास की दुकानों तक फैल गई। इसी दौरान वहां रखे दो गैस सिलेंडरों में विस्फोट हो गया। धमाकों की आवाज दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

दमकल की टीम ने पाया आग पर काबू पाने की कोशिश

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचीं। आग की ऊंची लपटों और सिलेंडर विस्फोट के कारण दमकलकर्मियों को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया।

लाखों के नुकसान की आशंका

फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, करीब छह दुकानों के जलने से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान का आकलन जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Exit mobile version