Raipur Karma Tihar: करमा महोत्सव में CM साय की बड़ी घोषणाएं… कंवर समाज को 90 लाख रुपये देने का ऐलान

Raipur Karma Tihar: करमा महोत्सव में CM साय की बड़ी घोषणाएं… कंवर समाज को 90 लाख रुपये देने का ऐलान

रायपुर, 10 अक्टूबर। Raipur Karma Tihar: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर के बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित भव्य करमा परब महोत्सव में कंवर समाज के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कोरबा जिले के मड़वारानी में सामाजिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये, रायपुर के टाटीबंध में सामाजिक भवन के लिए 25 लाख रुपये और कांकेर के ग्राम जेफरा में सांस्कृतिक मंच निर्माण के लिए 15 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा रायपुर में प्रतिवर्ष करमा महोत्सव के आयोजन के लिए 10 लाख रुपये देने का ऐलान किया।

मुख्यमंत्री ने पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर महोत्सव का शुभारंभ किया और प्रदेशवासियों को करमा तिहार एवं भादो एकादशी व्रत की शुभकामनाएं दीं।

प्रकृति और संस्कृति से जुड़ाव का प्रतीक है करमा तिहार

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि करमा तिहार केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति और मानव जीवन के अटूट संबंध का प्रतीक है। करम डार की पूजा, पारंपरिक गीत और नृत्य इस पर्व की विशेष पहचान हैं। यह त्योहार सामाजिक एकता, सामूहिकता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है।

उन्होंने कहा कि कंवर समाज ने अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को सहेजकर नई पीढ़ी के सामने उदाहरण प्रस्तुत किया है। समाज की वास्तविक शक्ति अपनी जड़ों और मूल्यों से जुड़े रहने में है।

शिक्षा और नशामुक्ति पर जोर

मुख्यमंत्री ने कंवर समाज में शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता और नशामुक्ति के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने युवाओं से आधुनिक शिक्षा, विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने के साथ अपनी सांस्कृतिक पहचान बनाए रखने की अपील की। साथ ही नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।

जनजातीय समाज के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध

सीएम साय ने कहा कि सरकार जनजातीय समाज के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक विकास के लिए लगातार काम कर रही है। पीएम-जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों में आवास, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए दिल्ली स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल की सीटें बढ़ाकर 200 कर दी गई हैं। वहीं, रोजगार, कौशल विकास और खेल सुविधाओं के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

किसानों और महिलाओं के लिए योजनाओं का उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीद रही है। किसानों के लंबित बोनस के रूप में 3,716 करोड़ रुपये अंतरित किए गए हैं।

उन्होंने महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से महिलाओं के खातों में हर महीने एक हजार रुपये सीधे भेजे जा रहे हैं। इसके अलावा तेंदूपत्ता संग्रहण पारिश्रमिक बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा किया गया है और चरण पादुका योजना फिर से शुरू की गई है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपनी संस्कृति और परंपराओं को सहेजते हुए शिक्षा, रोजगार, उद्यमिता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में आगे बढ़ने की अपील की। कार्यक्रम में अखिल भारतीय कंवर समाज की राष्ट्रीय अध्यक्ष कौशल्या साय सहित कई जनप्रतिनिधि, समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

राज्य खबर