रायपुर, 26 अगस्त। Raipur Knife Attack: राजधानी रायपुर में बुधवार को ईद मिलादुन्नबी के जुलूस के दौरान चाकूबाजी की घटना सामने आई। आजाद चौक थाना क्षेत्र के तात्यापारा में हुए विवाद के दौरान तीन युवकों पर चाकू से हमला किया गया। घटना में तीनों युवक घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
जुलूस के दौरान हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, पैगंबर मोहम्मद के जन्मदिन के मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुलूस में शामिल हुए थे। इसी दौरान कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर एक युवक ने कथित तौर पर चाकू से तीन युवकों पर हमला कर दिया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि पुलिस ने मामले में शामिल कुछ युवकों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस की मौजूदगी में हुई घटना
ईद मिलादुन्नबी के जुलूस को लेकर पुलिस की तैनाती की गई थी। इसके बावजूद जुलूस के दौरान चाकूबाजी की घटना सामने आने के बाद शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
राजधानी में लगातार सामने आ रही चाकूबाजी की घटनाएं
रायपुर में पिछले कुछ दिनों से चाकूबाजी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। सोमवार रात भी चाकूबाजी की अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत की जानकारी सामने आई थी। ऐसे में त्योहार के दौरान हुई इस घटना ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों के साथ-साथ इसमें शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।

