Raipur News: रायपुर में गणेशोत्सव की तैयारी शुरू… विसर्जन कुंड और पंडालों की तैयारियों पर फोकस

Raipur News: रायपुर में गणेशोत्सव की तैयारी शुरू… विसर्जन कुंड और पंडालों की तैयारियों पर फोकस

रायपुर, 07 सितम्बर। Raipur News: गणेशोत्सव को देखते हुए रायपुर के महादेव घाट के पास इको फ्रेंडली गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए बनाए जा रहे विसर्जन कुंड का काम तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। सोमवार को अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू ने मौके पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। काम की धीमी रफ्तार पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कुंड का निर्माण प्राथमिकता के साथ जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

अपर आयुक्त ने जोन 8 कमिश्नर राजेश्वरी पटेल और कार्यपालन अभियंता अतुल चोपड़ा को निर्देश दिया कि गणेशोत्सव शुरू होने से पहले विसर्जन कुंड पूरी तरह तैयार हो जाना चाहिए। उन्होंने निर्माण कार्य की लगातार मॉनिटरिंग करने को भी कहा।

वार्ड 2, 20 और 70 में विकास कार्यों का निरीक्षण

लोकेश्वर साहू ने जोन 8 के वार्ड 2, 20 और 70 में चल रहे विभिन्न निर्माण और विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वार्ड 2 के अटल आवास परिसर समेत अन्य स्थानों पर चल रहे कार्यों की स्थिति देखी। इसके बाद सरोना के वार्ड 70 और कोटा क्षेत्र के वार्ड 20 में विकास कार्यों का जायजा लिया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और स्वीकृति के अनुसार काम जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।

कार्यादेश के बाद भी देरी पर ठेकेदारों पर कार्रवाई

अपर आयुक्त ने कहा कि कई जगह कार्यादेश जारी होने के बाद भी निर्माण कार्यों की गति धीमी है। उन्होंने अधिकारियों को ऐसे ठेकेदारों की जानकारी जुटाकर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कार्य तय समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाने चाहिए।

गणेश पंडालों के लिए अनुमति जरूरी

गणेशोत्सव को लेकर शहर में पंडाल लगाने की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। रायपुर नगर निगम के 10 जोन में अब तक 100 से ज्यादा गणेश समितियों ने पंडाल लगाने की अनुमति के लिए आवेदन जमा किए हैं। आने वाले दिनों में आवेदनों की संख्या और बढ़ने की संभावना है।

पंडाल लगाने के लिए समितियों को संबंधित विभागों से जरूरी एनओसी लेनी होगी। आवेदन के साथ एसडीएम/राजस्व, पुलिस, होमगार्ड और फायर ब्रिगेड की एनओसी के साथ बिजली विभाग की अनुमति भी जमा करनी होगी।

10 जोन कमिश्नरों को दी गई जिम्मेदारी

नगर निगम आयुक्त ने सभी 10 जोन कमिश्नरों को गणेश पंडालों से जुड़े आवेदनों की प्रक्रिया पूरी करने की जिम्मेदारी दी है। समितियों को गणेशोत्सव शुरू होने से पहले सभी जरूरी अनुमति और एनओसी की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

राज्य खबर