Site icon AB News24.in

Raipur News: गरबा पंडालों में छेड़छाड़ करने वालों पर पुलिस की नजर… मौके पर होगी कार्रवाई

रायपुर, 18 अक्टूबर। Raipur News: नवरात्रि के दौरान गरबा और डांडिया आयोजनों में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रायपुर पुलिस ने विशेष तैयारी की है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने असामाजिक तत्वों और मनचलों पर नजर रखने के लिए पिंक पेट्रोल यूनिट को मैदान में उतारा है। इस विशेष व्यवस्था के तहत महिला पुलिसकर्मी गरबा की ड्रेस में आम लोगों के बीच मौजूद रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगी।

पंडालों के अंदर और प्रवेश द्वार पर रहेगी नजर

गरबा और डांडिया पंडालों के भीतर तथा प्रवेश द्वारों पर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। टीम छेड़छाड़ करने, महिलाओं पर अभद्र टिप्पणियां करने, आपत्तिजनक फोटो या वीडियो बनाने और दुर्व्यवहार करने वालों पर नजर रखेगी। ऐसे लोगों के खिलाफ मौके पर कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा, पंडालों के आसपास के रास्तों पर पुलिस के पेट्रोलिंग वाहन लगातार गश्त करेंगे। किसी भी शिकायत या संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंचने का प्रयास करेगी।

महिलाओं से बिना डर गरबा खेलने की अपील

रायपुर पुलिस ने महिलाओं, युवतियों और बालिकाओं से बिना किसी डर के गरबा और डांडिया में शामिल होने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि किसी भी तरह की छेड़छाड़, संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना होने पर तुरंत सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

परेशानी होने पर इन नंबरों पर करें संपर्क

पुलिस ने गरबा पंडालों या शहर में कहीं भी परेशानी होने पर संपर्क के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।

पिंक पेट्रोल यूनिट: 9479210932

आपातकालीन हेल्पलाइन:112

पुलिस के मुताबिक, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने और त्वरित सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

नवरात्रि के दौरान पिंक पेट्रोल यूनिट की यह विशेष व्यवस्था गरबा और डांडिया आयोजनों में महिलाओं की सुरक्षा बढ़ाने तथा असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने के उद्देश्य से की गई है।

Exit mobile version